अपने आत्मभाव
को संकुचित मत रखिए, वरन् उसे निकटवर्ती लोगों के ऊपर बिना भेद-भाव के बिखेर दीजिए
। आपके आत्मभाव का स्पर्श होते ही समस्त सम्बंधित
जन प्रेम पात्र बन जाएँगें, प्रिय लगने लगेंगे, उन प्रियजनों के बीच रहकर आप स्वर्ग
जैसा आनंद अनुभव करेंगे । संबंधित लोगों को अपना समझिए, उनमें अपनापन रखिए । इस प्रकार
उनमें यदि कुछ दोष भी होंगे तो वे प्रिय रूप में दृष्टिगोचर होंगे । अपनों के लिए स्वभावतः
उनके दोषों को छिपाने और गुणों को प्रकट करने की प्रवृत्ति रहती है, अपने प्यारे पुत्र के दोषों को कौन पिता प्रकट करता
है? वह तो उसकी प्रशंसा के ही पुल बाँधता रहता है। दुर्गुणी बालक को कोई न तो मार डालता
है और न जेल ही पहुँचा देता है वरन् सारी शक्तियों के साथ यह प्रयत्न किया जाता है
कि किसी सरल उपाय से उसके दुर्गुण दूर हो जाएँ या कम हो जाएँ। यदि ऐसी ही वृत्ति अपने
परिजनों के साथ रखें तो उनके अंदर जो बुरे तत्त्व विद्यमान है, वे घट जाएँगे, कम-से-कम
आपके लिए वे निश्तेज हो ही जाएँगे। डाकू, हत्यारे, ठग, व्यभिचारी आदि क्रूरकर्मी लोग
भी अपने स्त्री, पुत्र, भाई, बहिन आदि के साथ अपने पैशाचिक स्वभावों का उपयोग नहीं
करते, सिंह अपने बाल-बच्चों को नहीं फाड़ खाता, इसी प्रकार जिनके प्रति आप आत्मभाव
रखते हैं वे भी कम से कम आपके लिए तो दुखदायी न रहेंगे। महात्मा इमरसन कहा करते थे
कि 'यदि मुझे नरक में रखा जाए तो मैं अपने सद्गुणों के कारण वहाँ भी स्वर्ग बना लूँगा।'
आप में यदि विवेक हो तो वे कुटुंबी, जिनके साथ आपका दिन-रात कलह होता है, आसानी से
प्रेम पात्र बन सकते हैं।
"प्रेम"
एक ऐसा शब्द है जो टूटे हुए हृदय को जोड़ता है, बिछुड़ों को मिलाता है, विद्वेष को
शांत करता है, शिकायतों को दूर करता है। अपने मनोभावों को वाणी या आचरण द्वारा दूसरे
पर इस प्रकार प्रकट करें जिससे उसे यह विश्वास हो जाए कि आपका आत्मभाव सच्चा है, बिना
किसी खुदगर्जी या मायाचार के अपनेपन की भावना रखते हैं तो विश्वास कीजिए कि वह आपका
गुलाम हो जाएगा। संघर्ष और कलह के लिए फिर गुंजाइश ही न रहेगी। दोषों से रहित व्यक्ति
इस संसार में एक भी नहीं है। काम, क्रोध, लोभ, मोह की वृत्तियाँ न्यूनाधिक अंशों में
हर एक के मन में बस रही हैं, किसी की एक बुराई को देखकर उस पर आग बबूला हो जाना, सब
बुराइयों की खान मान लेना, घृणास्पद मानना उचित नहीं। आप निष्पक्षता के साथ तलाश करेंगे
तो उसमें बुराइयाँ मिलेंगी, पर बुराइयों से अच्छाइयों की मात्रा अधिक होगी। क्या आप
ऐसा नहीं कर सकते कि इन अच्छाइयों से आनंदित हों, उन्हें प्रकट करें और प्रोत्साहित
करके आगे बढ़ावें ? क्या आप ऐसा नहीं कर सकते कि बुराइयों को कुछ देर के लिए दर गुजर
कर जाएँ, उन्हें दफना दें, घटायें और सुधारने का प्रयत्न करें? ऐसा नहीं कर सकते तो
इसका एकमात्र कारण यह है कि उस व्यक्ति के प्रति आपका सच्चा आत्मभाव नहीं है । झूठमूठ
किसी रिश्ते में बंध गए हैं, पर उस रिश्ते को निबाहने के लिए आपका क्या कर्तव्य है
? इसकी बहुत ही कम जानकारी रखते हैं ।
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम
शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक आंतरिक उल्लास का विकास पृष्ठ-07 से लिया गया
है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे