कर्ण से होगा सूर्या का हिन्दी फिल्मों में डेब्यू, जय भीम के बाद बनी पहचान

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 14 जून 2023, 09:20 AM (IST)

दक्षिण भारत के सितारों को अब हिन्दी भाषी दर्शकों ने पूरी तरह से स्वीकार कर लिया है। इस बात का प्रमाण हैं वहाँ की फिल्मों का हिन्दी में प्रदर्शित होना और बॉक्स ऑफिस पर सफलता प्राप्त करना। जूनियर एनटीआर, रामचरण, रवि तेजा, थलापति विजय, मेगा स्टार चिरंजीवी आदि की फिल्में हिन्दी में आईं और सफल रही हैं। अब चर्चा हो रही है कि दक्षिण के सुपर सितारों में शामिल अभिनेता सूर्या भी हिन्दी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि सूर्या को लेकर निर्माता निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा महाभारत पर आधारित फिल्म कर्ण का निर्माण करने जा रहे हैं। सूर्या इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'कंगुवा' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फैंस को इस पीरियड ड्रामा फिल्म का लंबे समय से इंतजार है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार 'रंग दे बसंती' और 'भाग मिल्खा भाग' जैसी फिल्में बना चुके राकेश ओम प्रकाश मेहरा की फिल्म 'कर्ण' को लेकर अभिनेता से बातचीत चल रही है। पिंकविला में सूत्र के हवाले से छपी खबर के मुताबिक राकेश और सूर्या के बीच कुछ समय से 'कर्ण' पर चर्चा चल रही है। दावे के मुताबिक दोनों के बीच प्रोजेक्ट को लेकर बात सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। बताया जा रहा है कि सूर्या भी दो भाग वाले इस महाकाव्य का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

सूत्र के अनुसार यह फिल्म 'महाभारत' पर आधारित होगी, जिसमें सूर्या लीड रोल निभाते हुए दिखेंगे। इस फिल्म को पैन इंडिया लेवल पर बनाया जाएगा, साथ ही इसे कई भाषाओं में रिलीज करने की भी तैयारी है। माना जा रहा है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो फिल्म की शूटिंग 2024 में शुरू हो सकती है। गौरतलब है कि सूर्या मौजूदा समय में निर्देशक सिरुथा शिवा के साथ 'कंगुवा' पर काम कर रहे हैं। इसका अगला शेड्यूल जल्द ही शुरू होने वाला है। मेगा-बजट फिल्म की भव्य रिलीज की योजना है। इस फिल्म की शूटिंग 2023 के अंत तक पूरी होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे