भुल भुलैय्या-2 की सफलता के बाद से कार्तिक आर्यन की फैन फॉलोइंग में अच्छी खासी वृद्धि हुई है। गत वर्ष उन्होंने ओटीटी प्लेटफार्म में धमाका और फ्रेडी सरीखी फिल्में दी, जो दर्शकों को खासी पसन्द आई थी। लेकिन इस वर्ष उनकी सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई फिल्म शहजादा बॉक्स पर असफल हो गई, जिसके बाद से कार्तिक आर्यन को लेकर सवालिया निशान खडा हो गया है। अब उनकी आने वाली फिल्म सत्यप्रेम की कथा, जिसका कुछ समय टीजर जारी हो चुका, को लेकर खासा बज बन गया है। इस टीजर में कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की केमिस्ट्री देखने लायक थी। एक बार फिर कियारा आडवाणी और कार्तिक आर्यन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने को तैयार है। इस बीच कियारा और कार्तिक की फिल्म सत्यप्रेम की कथा का पहला गाना नसीब से का टीजर आउट हो गया है। इस गाने का टीजर इंटरनेट पर आते ही छा गया है। गाने का टीजर वास्तव में उन दर्शकों के लिए एक ट्रीट के रूप में सामने आया है, जो फिल्म के टीजर में फिल्म के संगीत को सुन उसके पूरी तरह से सामने आने का इंतजार कर रहे थे। भुल भुलैया-2 के बाद कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की जोड़ी वापसी कर रही है और ऐसे में फिल्म के जारी पहले गाने के इस टीजर ने यकीनन गाने की रिलीज के लिए उत्साह बढ़ा दिया है। नसीब से गाने के टीजर में कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी को एक साथ देखने के बाद कह सकते हैं कि यह इस साल की बड़ी रोमांटिक फिल्म होने वाली है। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म सत्यप्रेम की कथा के गाने नसीब से का टीजर हर तरफ वायरल हो रहा है। इस गाने को जहां पायल देव ने कंपोज किया हैं, वहीं पायल देव के साथ विशाल मिश्रा ने इसे खूबसूरती से गाया है। गाने के बोल ए.एम. तुराज के हैं। यह गाना कल यानी 27 मई को रिलीज होने वाला है। फैंस इस सॉन्ग के लिए काफी एक्साइटेड हैं। सत्यप्रेम की कथा एनजीई और नम: पिक्चर्स के बीच बड़े पैमाने पर सहयोग का प्रतीक है। साजिद नाडियाडवाला और शरीन मंत्री केडिया ने किशोर अरोड़ा और निर्देशक समीर विद्वांस के साथ अपनी-अपनी फीचर फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। सत्यप्रेम की कथा 29 जून 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कार्तिक आर्यन इससे पहले शहजादा में नजर आए थे। इस मूवी में कार्तिक आर्यन ने एक्टिंग तो काफी अच्छी की थी हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म फेल हो गई। ऐसे में अब कार्तिक आर्यन को फिल्म सत्यप्रेम की कथा से काफी उम्मीद है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे