कोटा में एक और कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 मई 2023, 5:04 PM (IST)

-बिहार का निवासी छात्र नवलेश एलन से कर रहा था नीट की तैयारी

कोटा।
शिक्षा की काशी कहे जाने वाले कोटा शहर में नीट की तैयारी कर रहे एक ओर कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। एक सप्ताह के अंदर तीन सुसाइड के मामलो ने प्रशासन की भी नींद उड़ाकर रख दी है। एक दिन पहले ही यूपी निवासी कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दी थी। तो वहीं आज बिहार निवासी नवलेश ने पढाई में तनाव की वजह से आत्महत्या कर ली। मृतक कोचिंग छात्र एलन कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी कर रहा था और एक साल पहले ही कोटा में आया था। वहीं पुलिस ने शव को मोर्चेरी में रखवा दिया है। साथ परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस ने छात्र के कमरे से सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पढ़ाई के तनाव की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक पिछले रविवार को देशभर मे नीट की परिक्षा का आयोजन किया गया था। ऐसे में परिक्षा के बाद से ही कोटा में छात्रों के सुसाइड के मामले सामने आने लगे है। बीते सोमवार को बेंगलुरु के रहने वाले नासिर ने एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के 10वें फ्लोर से कूदकर सुसाइड कर लिया था। जिसके बाद एक दिन पहले ही गुरुवार को कुन्हाडी इलाके में रहने वाले धनेश कुमार ने हॉस्टल में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। वहीं पुलिस एक दिन पहले हुए सुसाइड के मामले की जांच ही कर रही थी की एक ओर कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे