जन शिकायतों पर अधिकारी तत्परता से कार्यवाही करेंः दुष्यंत चौटाला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 मई 2023, 6:50 PM (IST)

रोहतक। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहाकि अधिकारी जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति में आने वाली शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें। ताकि वही समस्या पुनः समिति के समक्ष न आए। डिप्टी सीएम गुरुवार को रोहतक में जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इसके एजेंडे में 17 शिकायतें रखी गई थी। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। अन्य शिकायतों के निपटारे के लिए दुष्यंत चौटाला ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने झज्जर के भापडौदा निवासी दीपक की शिकायत सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए अगली बैठक से पूर्व दीपक के पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध करवा दिया जाए। इसके लिए रोहतक के पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के निदेशक तथा महम के उपमंडलाधीश की समिति गठित करने के निर्देश दिए।
दुष्यंत चौटाला ने रोहतक के गांव चिड़ी निवासी नरेंद्र सिंह की फसल के मुआवजा से संबंधित लंबित शिकायत की सुनवाई करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के संबंधित अधिकारी को आगामी 15 दिन में किसान को फसल मुआवजा का भुगतान के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय सनसिटी निवासीगण की शिकायत की सुनवाई करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे स्टॉर्म वाटर की निकासी के लिए टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करें। वार्ड नम्बर 5 की नगर पार्षद गीता की शिकायत के संदर्भ में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अमृत योजना के तहत निर्माणाधीन दोनों बूस्टरों के कार्य को शीघ्र शुरू करवाया जाए।
उन्होंने वार्ड नम्बर 10 बलियाना की पारासर कॉलोनी के निवासियों की कॉलोनी के साथ लगते बरसाती नाला को कवर करने व सफाई से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस नाला की सफाई करवाएं। नागरिकों की मांग के अनुरूप इसको कवर किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने रोहतक के मॉडल टाउन निवासी शुभ चंद जैन की शिकायत के संदर्भ में उपमंडलाधीश से पैमाइश के आधार पर अनाधिकृत कब्जा हटवाने के निर्देश दिये।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे