चूरू। छापर कस्बे में स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन से मारपीट कर ठेके में आग लगाने के मामले में छापर थाना पुलिस की टीम द्वारा थाना क्षेत्र के आबसर निवासी आरोपी बाबू लाल पूनिया पुत्र शंकरलाल (30) और वार्ड नंबर 15 निवासी देवीलाल ज्याणी पुत्र भंवरलाल (30) को गिरफ्तार किया है।
चूरू एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि 13 अप्रैल को परिवादी रामचंद्र सिंह द्वारा घटना के संबंध में थाना छापर पर रिपोर्ट दी गई थी। रिपोर्ट में बताया कि सेल्समैन के साथ मारपीट कर मुल्जिमों ने ठेके में आग लगा दी। आग से दुकान में रखी 3 लाख रुपये कीमत की शराब और 86000 रुपये नगद जल गए। घटना पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एएसपी सुनील कुमार और सीओ बिदासर प्रह्लाद राय के सुपरविजन में एसएचओ सुमन परिहार मय टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल का विश्लेषण कर शनिवार को आरोपी बाबूलाल पूनिया और देवीलाल को गिरफ्तार किया गया।
मामले में पूर्व में चार आरोपी ओमप्रकाश, अब्दुल रहमान उर्फ अनाड़ी, अब्दुल रहमान उर्फ पैंथर और अंकित स्वामी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार की अहम भूमिका रही।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे