भरतपुर। तकनीकी शिक्षा एवं आयुर्वेद राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग की पहल पर राजस्थान सहकारी ग्रामीण परिवार आजीविका ऋण योजना के तहत भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में रहने वाले पात्र व्यक्तियों को अब अधिकतम 2 लाख रुपए का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा।
डॉ. गर्ग ने बताया कि इस योजना के तहत सहकारी बैंक इसलिए ऋण उपलब्ध नहीं करवा पा रहे थे। क्योंकि इस बैंक की सभी शाखाएं भरतपुर शहर में हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना एवं राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा।
इस पर बैंक द्वारा शीघ्र कार्यवाही करते हुए बताया कि योजना की क्रियान्विति के लिए एक पोर्टल तैयार किया गया है। इसके माध्यम से आवेदन पत्र प्रबंध निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंक को प्राप्त होंगे। बैंक की सभी शाखाएं अपने ग्रामीण क्षेत्र की समितियों के माध्यम से बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराएंगी।
तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री ने बताया कि इस योजना में पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध नहीं होने की जानकारी पार्षद बृजेन्द्र चीमा के नेतृत्व में आए डेलीगेशन ने दी थी। जिस पर पत्र लिखा गया। डेलीगेशन ने बताया कि सहकारी बैंक की सभी शाखाएं भरतपुर शहर में कार्यरत हैं जो ग्रामीण क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों को ऋण देने में अक्षम हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे