त्रिपुरा गवर्नर को अरूणाचल का प्रभार

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 10 जुलाई 2016, 6:41 PM (IST)

ईटानगर। त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय ने रविवार को अरूणाचल प्रदेश के कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में शपथ ली। रॉय ने अरूणाचल के राज्यपाल ज्योति प्रसाद राजखोवा के लंबे अवकाश पर चले जाने के कारण यह प्रभार संभाला है।

गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजित सिंह ने रॉय को यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वांगकी लोवांग, मुख्यमंत्री कालिखो पुल तथा कई अन्य मंत्री उपस्थित थे। शपथ-ग्रहण के बाद अरूणाचल प्रदेश पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। (आईएएनएस)