जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपराध नियंत्रण की बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं। लेकिन, राजस्थान सरकार अपराधों पर नियंत्रण करने में असफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से एक व्यापारी व्यवसाय के लिए जयपुर आता है और उसका अपहरण कर अपराधी उसे धौलपुर तक ले जाते हैं। दूसरी तरफ़ जयपुर ज़िले के सांभर में दिनदहाड़े एक व्यापारी से दो लाख रुपए अपराधी लूट कर ले जाएं। ये घटनाएं इस बात को इंगित करती हैं कि अपराधियों के अंदर पुलिस और सरकार का खौफ नहीं है।
अगर पुलिस और सरकार का खौफ होता तो अपराध करने से पहले अपराधी चार बार सोचता। लेकिन सरकार का व्यक्तव्य और राजनीतिक व्यक्तव्य देना अलग बात है। अपराधों पर तत्परता के साथ कार्रवाई करना अलग बात है। लेकिन राजस्थान की सरकार तो वोट बैंक की राजनीति के आधार पर काम करती है। मेरिट के आधार पर काम नहीं करती।
राजस्थान पुलिस का जो स्लोगन है कि अपराधियों में डर हो और आमजन में विश्वास। वो ही स्लोगन आज राजस्थान के अंदर उल्टा होता दिखाई दे रहा है, आमजन डरा हुआ है और अपराधी बेख़ौफ़ होकर अपराध कारित करने का काम कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे