दो युवकों ने की दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बचे भाजपा नेता

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 13 अप्रैल 2023, 5:10 PM (IST)

कोटा। जिले के कनवास कस्बे में बुधवार दोपहर मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने भाजपा नेता के एक शोरूम पर फायर कर दिया। बाद में बस स्टैंड पर भी हवाई फायर कर भाग गए। कस्बे में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों बदमाश व्यापारियों को धमकी देकर अवैध वसूली करते हैं।
कस्बे में दोपहर को मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने शोरूम कौशल मोटर्स पर फायर कर फरार हो गए। शोरूम के मालिक भाजपा नेता कौशल सोनी शोरूम में अंदर बैठे हुए थे। गोली चलने की आवाज सुनकर बाहर आए तो देखा कि दो युवक फायरिंग कर भाग रहे थे। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने आरोपी अतीक पुत्र नईम कुरैशी, शकील पुत्र बरकत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फायरिंग की घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एसपी कावेंद्र सागर, पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर परिहार कनवास थाना पहुंचे तथा जानकारी ली एवं पुलिस ने फायर करने वाले एक आरोपी के भाई को पकड़ कर थाना लेकर आए, जिससे पूछताछ की जा रही है। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि दोनों बदमाश अवैध वसूली के लिए व्यापारियों को आए दिन धमकाते हैं। दिनदहाड़े हुई घटना को लेकर कनवास व्यापार संघ ने आरोपियाें को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कनवास की दुकानें बंद रखी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे