खास खबर डॉट कॉम : टॉप हैडलाइंस

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 31 मार्च 2023, 5:57 PM (IST)

दिल्ली में मच्छर मारने की अगरबत्ती से घर में लगी आग, एक परिवार के 6 लोगों की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के शास्त्री पार्क में शुक्रवार को एक घर में आग लग गई। इस हादसे में दम घुटने से एक बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को शास्त्री पार्क थाने में सुबह करीब 9 बजे एक कॉल मिली कि शास्त्री पार्क के मजार वाले रोड पर माछी मार्केट के पास एक घर में आग लग गई है।

अधिकारी ने कहा, पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। घायलों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कांग्रेस के पूर्व चीफ नवजोत सिंह सिद्धू 1अप्रैल को होंगे जेल से रिहा,ट्वीट पर दी जानकारी, रोडरेज केस में काट रहे थे सजा

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, जो 1988 के रोड रेज मामले में अपने गृहनगर पटियाला की जेल में एक साल के सश्रम कारावास की सजा काट रहे हैं, शनिवार को समय से 45 दिन पहले रिहा होने की संभावना है। सिद्धू के हैंडल से शुक्रवार को किए गए एक ट्वीट में कहा गया, 'सभी को सूचित किया जाता है कि सरदार नवजोत सिंह सिद्धू को कल पटियाला जेल से रिहा कर दिया जाएगा।

हालांकि, सेंट्रल जेल के अधिकारियों ने समय से पहले उनकी रिहाई की पुष्टि नहीं की है।


सीएम अशोक गहलोत का केंद्र सरकार पर हमला कहा -राहुल गांधी का मकान छीनना सबसे बड़ा षड्यंत्र

भरतपुर । सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी और दादी इंदिरा गांधी शहीद हो गई। उनकी मां सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद त्याग कर दिया, जिस परिवार ने देश को पूरी संपत्ति दे दी उसके नौजवान(राहुल गांधी) का आप मकान भी छीन लो। यह आपका सबसे बड़ा षड्यंत्र है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के लिए भरतपुर पहुंचे। यहां संभाग स्तर के कांग्रेस के कार्यकर्ता इस सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बीजेपी और आरणएसएस को आड़ हाथों लेते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस के मोहन भागवत हिंदू राष्ट्र की बनाने बात करते हैं, उसी को लेकर अमृतपाल जैसे लोग पंजाब को खालिस्तान बनाने की मांग करते हैं। उसकी हिम्मत कैसे हो गई। मैं खुद उस दिन बहुत दुखी हुआ। कितनी सटीक बात उसने कहीं । यह बहुत खतरनाक बात है देश के लिए। आज तक इतिहास में पहली बार कोई बोला है कि हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं तो मैं मैं क्यों नहीं करूं। कल दक्षिणी राज्य बोलने लग जाएंगे। दक्षिणी राज्य में 40 -50 साल पहले ऐसी आवाज उठी थी। नई पीढ़ी को मालूम नहीं है। हमें इस देश के भविष्य की चिंता करनी चाहिए।

इंदौर में बावड़ी के धंसने के कारण मरने वालों की संख्या 36 हुई,मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष पर गैर इरादतन हत्या का केस

इंदौर। बिलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी के मौके हुए हादसे में 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि 16 लोग घायल है । इंदौर कलेक्टर ने बताया कि आर्मी के लगभग 75 लोग आए हैं। NDRF और SDRF की टीमें तैनात हैं। कुआं बहुत पुराना और गहरा था जिस कारण बचाव कार्य में समय लग रहा है। लगातार पानी आ रहा था जिसे हम निकाल रहे हैं ।
इंदौर पुलिस आयुक्त मकरंद देओस्कर ने बताया हादसे में जो एक व्यक्ति लापता था उसका शव बरामद कर लिया गया है। लोगों से जो सूची हमें मिली थी उन्हें बाहर निकाल लिया गया है लेकिन अभी भी हम बचाव कार्य चला रहे हैं जिससे कहीं कोई फंसा न रह जाए।

कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा-कोविड से घबराने की जरूरत नहीं, सरकार तैयार है

नई दिल्ली। कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बैठक कर कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार तैयार है। सीएम केजरीवाल ने बैठक के बाद अपनी सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए शुक्रवार को कहा, दिल्ली में किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरीके से नजर रखे हुए है और हर तरह से तैयार है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से मास्क की अब तक कोई गाइडलाइन नहीं आई है। लेकिन इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी में दिल्ली में 100 फीसदी मास्क पहनने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एयरपोर्ट पर दो फीसदी रेंडम टेस्टिंग की जायेगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए लोगों से सुनी उनकी समस्याएं

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों का उपचार अच्छे से अच्छे चिकित्सा संस्थान में होना चाहिए। इसके लिए पैसे की कमी बाधा नहीं बनेगी। शुक्रवार को जनता दर्शन में एक महिला ने अपोलो अस्पताल में इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार की तो मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त किया, 'आप बिना चिंता उपचार कराइए, पैसा हम देंगे।' गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार तीसरे दिन जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। शुक्रवार को जनता दर्शन में करीब 250 लोग पहुंचे।

तीसरे और अंतिम वनडे में हार के बाद श्रीलंका विश्व कप के लिए सीधा क्वालिफिकेशन चूका

हेमिल्टन। श्रीलंका तीसरे और अंतिम वनडे में न्यूजीलैंड से छह विकेट से हारने के बाद पुरुष क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग तालिका में आठवां स्थान पाने से चूक गया।

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उसके बल्लेबाज न्यूजीलैंड की गति और उछाल के आगे संघर्ष करते रहे।

मैट हेनरी (3/14), हेनरी शिप्ली (3/32) और डेरिल मिचेल (3/32) ने तीन-तीन विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। श्रीलंका की टीम 41.3 ओवर में 157 रन पर लुढ़क गयी।

बेटी मालती मैरी को पहली बार भारत लेकर आए प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस

मुंबई। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा जोनस अपने पति निक जोनस, अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस और मां मधु चोपड़ा के साथ शुक्रवार को मुंबई पहुंचीं। मुंबई एयरपोर्ट के वीआईपी एरिया से बाहर आकर एक्ट्रेस ने मीडिया और पैपराजी की ओर हाथ हिलाया और अपनी बेटी को भी उनसे मिलवाया। प्रियंका चोपड़ा ने थाई हाई स्लिट स्कर्ट के साथ पिंक कलर का आउटफिट पहना था। साथ ही स्नीकर्स और सनग्लासेस के साथ अपने लुक को पूरा किया हुआ था। वहीं उनके पति निक ने स्वेटशर्ट और डेनिम्स के साथ ऑरेंज कलर की कैप पहनी हुई थी।

रजनीकांत की बाबा की असफलता से खत्म हुआ मेरा साउथ करियर : मनीषा कोइराला

हाल ही में कार्तिक आर्यन की फिल्म शहजादा में उनकी माँ की भूमिका में नजर आई अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने हाल ही में दिए अपने एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि साल 2002 में रजनीकांत की फिल्म बाबा के फ्लॉप होने के बाद साउथ इंडस्ट्री में उनका करियर खत्म हो गया। रजनीकांत अभिनीत यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें मनीषा कोइराला ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म की कहानी एक ऐसे युवक की है, जो नास्तिक होता है और बाद में उसे पता चलता है कि वो एक हिमालयी संत का पुनर्जन्म है।

आश्चर्य की बात है कि गत वर्ष 2022 में रजनीकांत के जन्म दिन के मौके पर इस फिल्म को फिर से तमिल में प्रदर्शित किया गया था, जहाँ इसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता की नई पायदान को छुआ था।

पठान के बेशरम रंग विवाद पर पहली बार बोले सिद्धार्थ आनन्द

इससे पहले कि शाहरुख खान की कमबैक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला पाती, फिल्म कई कारणों से विवादों में घिर गई। यह सब तब शुरू हुआ जब निर्माताओं ने पहला गाना बेशरम रंग को जारी किया और नफरत करने वालों ने बहिष्कार का आह्वान किया। गाने के एक शॉट के बाद फिल्म और इसके निर्माताओं को भारी आलोचना मिली, जिसमें दीपिका पादुकोण ने नारंगी रंग की मोनोकिनी पहनी हुई थी। जबकि कई ने विवाद पर अलग-अलग बयान दिए, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने अब पहली बार प्रतिक्रिया दी है।

पठान की सफलता के बाद, निर्माताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की मेजबानी की जिसमें प्रमुख तिकड़ी, शाहरुख, दीपिका और जॉन अब्राहम के साथ-साथ निर्देशक ने मीडिया को संबोधित किया और यथासंभव अधिक से अधिक सवालों के जवाब दिए। इवेंट में, टीम ने फिल्म और यहां तक कि दीपिका की नारंगी बिकनी के आसपास के विवाद को भी संबोधित किया।

छत्रपति का धमाकेदार टीजर हुआ जारी, हिंदी सर्किट में पॉपुलर हैं बेल्लमकोंडा साईं श्रीनिवास

साउथ फिल्म स्टार बेल्लमकोंडा साईं श्रीनिवास की अपकमिंग फिल्म छत्रपति का टीजर जारी किया गया। बेल्लमकोंडा साईं श्रीनिवास इस फिल्म के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। अपने बिग बॉलीवुड डेब्यू के लिए सुपरस्टार प्रभास की ब्लॉकबस्टर फिल्म छत्रपति को चुना है। इस फिल्म का निर्देशन एसएस राजामौली ने किया था। अपने समय में यह प्रभास की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही है। इस फिल्म की कथा-पटकथा एसएस राजामौली के पिता के.वी. विजयेन्द्र प्रसाद ने लिखी थी। सुपरस्टार प्रभास की ब्लॉकबस्टर तेलुगु फिल्म छत्रपति को इसी नाम के साथ एक्टर बेल्लमकोंडा साईं श्रीनिवास हिंदी दर्शकों के लिए लेकर आ रहे हैं। फिल्म बनकर तैयार हो चुकी हैं। जिसके लिए मेकर्स ने अब इसके प्रमोशन की कमान अपने हाथ में ले ली है।