मंत्री को मां बोली,ठीक काम करना,मारूंगी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 09 जुलाई 2016, 10:43 AM (IST)

मुंबई। शुक्रवार को महाराष्ट्र में देवेन्द्र फडणवीस कैबिनेट का विस्तार हुआ। इस कैबिनेट में 11 मंत्रियों ने शपथ ली जिनमें से 10 चेहरे नए थे।

इनमें से एक मंत्री हैं महादेव जानकर। 48 वर्षीय महादेव पहली बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। गौरतलब है कि महादेव जानकर राष्ट्रीय समाज पार्टी के विधायक हैं।


महादेव जानकर की मां 91 वर्षीय सोनाबाई गांव में बकरियां चराती हैं। बेटा मंत्री बना तो शपथ ग्रहण समारोह में मां भी पहुंची।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जब पत्रकारों ने सोनाबाई से पूछा कि बेटे से मंत्री बनने पर क्या कहा। इस पर सोनाबाई ने कहा कि मैनें बेटे से कहा है कि ठीक से काम करना वरना बहुत मारूंगी।


शपथग्रहण कार्यक्रम खत्म होने के बाद सोनाबाई बाहर आ गई। बेटे महादेव को बाहर आने में देर लगी तो सोनाबाई अपने बेटे की लाल बत्ती लगी कार के पास जमीन पर ही बैठ गई। मंत्री बने महादेव जानकर का कहना है कि  उन्हें खुद के घर गए 27 साल हो गए हैं।


डेढ वर्ष पहले जब उनके पिता गुजरे थे तो सिर्फ एक दिन के लिए गए थे। महादेव जानकर ने शादी नहीं की है। महादेव कांशीराम को खुद का आदर्श मानते हैं।