अन्याय के खिलाफ फरसा उठाने के लिए तैयार रहें ब्राह्मणः नवीन जयहिन्द

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 19 मार्च 2023, 11:00 PM (IST)

जयपुर। स्थानीय विद्याधर नगर स्टेडियम में रविवार को हुई ब्राह्मण महापंचायत में हरियाणा से नवीन जयहिन्द अपने फरसे के साथ आए। नवीन आम आदमी पार्टी के हरियाणा संयोजक रह चुके हैं। अब जय हिंद सेना के बैनर तले हरियाणा के दबे-कुचले और कमजोर लोगों की आवाज उठा रहे हैं। इस महापंचायत में शामिल सभी लोगों का स्वागत हैलिकॉप्टर से फूलों की बारिश करके किया गया।
जयहिन्द ने मंच से फरसा लहराते हुए जय परशुराम के नारों के साथ सभी ब्राह्मणों को एक करने की मांग की। साथ ही रविवार 23 अप्रैल को भगवान परशुराम धाम पहरावर (रोहतक) हरियाणा में होने वाली भगवान परशुराम जयंती में सम्मिलित होने का न्यौता दिया।
जयहिन्द ने बताया कि ब्राह्मण का मतलब बलिदान होता है। जैसे भगवान परशुराम ने अन्याय के खिलाफ फरसा उठाया था तो हर ब्राह्मण का काम है कि वो अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़े। ब्राह्मण हमेशा सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने का काम करता है। कोई भी सरकार या सिस्टम ब्राह्मण को कमजोर समझने की गलती न करे। ब्राह्मण को अपने हक और अधिकारों की जरूरत है। अगर वही नहीं मिलेगा तो सरकारों के हाथ तोड़कर उनसे अपने अधिकार ले लेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे