हम थ्री-सी यानि करप्शन, क्राइम और कास्ट से जुड़ी राजनीति को खत्म कर रहे हैंः खट्टर

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 19 मार्च 2023, 7:16 PM (IST)

समालखा (पानीपत)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि राज्य सरकार का ध्येय पारदर्शिता के साथ नागरिकों तक हर योजना का लाभ पहुंचाना है। ईज ऑफ लिविंग की दिशा में बढ़ते हुए नागरिकों के जीवनस्तर में सुखद बदलाव लाना है। मुख्यमंत्री रविवार को पानीपत जिले के समालखा में 6 लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब से गरीब व्यक्तियों, किसानों और पिछड़े वर्ग की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर बन सके।
सीएम खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ- सबका विकास-सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर चलते हुए हमने प्रदेश का समान विकास सुनिश्चित किया है। वर्ष 2014 में हरियाणा एक- हरियाणवी एक का नारा दिया था। पिछले 8 वर्षों में क्षेत्रवाद व परिवारवाद से ऊपर उठकर सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए हैं। हरियाणा विकास के पथ पर देश में कई राज्यों से आगे निकल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार थ्री-सी पर प्रहार करती है। ये 3 सी हैं- करप्शन, क्राइम और कास्ट से जुड़ी राजनीति। सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी, कोई नागरिक गलत काम करता हुआ पाया गया तो कड़ी करवाई होती है। भ्रष्टाचार का काल मनोहर लाल, समाज में भ्रष्टाचार बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार ने 5-एस शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वाभिमान, सुरक्षा और स्वालंबन पर जोर दिया है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र नागरिकों को हर योजना का लाभ घर बैठे ही मिल रहा है।
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने नागरिकों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। नागरिकों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्रदान भी किया जा रहा है। कार्यकर्ता नागरिकों को ऐसी सभी योजनाओं से अवगत कराएं और उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक करें।
इस कार्यक्रम से पहले, सेवा साधना एव ग्राम विकास केंद्र में पहुंचने पर लोकसभा सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, विधायक प्रमोद विज और अन्य लोगों ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा हरियाणा प्रभारी विपलब कुमार देब, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ व 6 लोकसभा क्षेत्रों के जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे