नारी देवत्व की मूर्तिमान प्रतिमा है। यों दोष तो सब में रहते हैं, सर्वथा निर्दोष तो परमात्मा है । अपने घरों की नारियों में भी दोष हो सकते हैं, पर तात्विक दृष्टि से नारी की अपनी विशेषता है -उसकी आध्यात्मिक प्रवृत्ति। बेटी, बहिन, धर्मपत्नी और माता के रूप में वह परिवार के लिए जिस प्रकार उदात्त आदर्शों से भरापूरा जीवन यापन करती है, उसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि पुरुषार्थ प्रधान नर अपनी जगह ठीक है, पर आत्मिक संपदा की दृष्टि से वह नारी से पीछे ही रहेगा। नारी को प्रजनन उत्तरदायित्व उठाने के कारण शारीरिक दृष्टि से थोड़ा दुर्बल भले ही रहना पड़ा हो, पर आत्मिक विभूतियों की बहुलता को देखते हुए वही ईश्वरीय दिव्य अनुकंपा की अधिक अधिकारिणी बनी है। अगले दिनों द्रुत गति से बढ़ता चला आ रहा नवयुग निश्चित रूप से अध्यात्म मान्यताओं से भरा पूरा होगा। मनुष्यों का चिंतन, दृष्टिकोण उसी स्तर का होगा। व्यवस्थाएँ और परंपराएँ उसी ढाँचे में ढलेगी। जन-साधारण की गतिविधियाँ उसी दिशा में उन्मुख होंगी, शासनतंत्र, धर्मतंत्र, समाजतंत्र और अर्थतंत्र का सारा कलेवर उसी स्तर का पुनर्निर्मित होगा। ऐसी स्थिति में नारी को हर क्षेत्र में विशेष भूमिका निबाहनी पड़ेगी, विशेष उत्तरदायित्व सँभालने पड़ेंगे। कारण कि अध्यात्म की विभूतियाँ जन्मजात रूप से उसी को अधिक परिमाण में उपलब्ध हुई हैं।
नारी उत्कर्ष की आवश्यकता का प्रतिपादन करने और औचित्य सिद्ध करने के अनेक आधार हैं। उनमें से किसी को भी अपना कर विचार किया जाए तो आवश्यक प्रतीत होगा कि समय की मांग को देखा जाए-उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखा जाए तो नारी-जागरण अपने समय का सबसे बड़ा काम प्रतीत होगा। अच्छा हो कि औचित्य को अपनाने के लिए अग्रगामी बनने वाले विवेकशीलों की पंक्ति में हमारा नाम भी सम्मिलित रहे।
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक परिवार निर्माण की उपयोगिता समझी जाए, पृष्ठ- 14 से लिया गया है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे