गायत्री परिवार : जलाई अश्लीलता की होली, निकाली प्रभात फेरी-रैली

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 05 मार्च 2023, 1:53 PM (IST)

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से रविवार को कई स्थानों पर अश्लीलता की होली जलाई गई। रविवार 5 मार्च को मानसरोवर पटेल मार्ग मध्यम मार्ग चौराहे से गायत्री वेदना निवारण केंद्र मानसरोवर तक अश्लीलता निवारण और व्यसन मुक्त होली रैली का आयोजन किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

नारी शक्ति को समाज में विशेष रूप से होली जैसे पर्व पर उचित सम्मान मिल सके व कोई अनाचार या दुर्घटना न हो इसके लिए आज के समाज में अश्लीलता की बढ़ती मानसिकता को हटाना आवश्यक है और नशा मुक्त होना भी जरूरी है। इसी उदेश्य से शांतिकुंज के मार्गदर्शन में उक्त रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान शामिल हुए गायत्री परिवारों का जोश और उत्साह चरम पर रहा और पूरे जोश के साथ अश्लीलता के विरुद्ध नारे लगाए।


इस मौके पर रैली निकाली गई जिसमें गायत्री परिवार के कार्यकर्ता और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अनाचार बढ़ता है कब सदाचार चुप रहता है जब, गंदे फूहड़ चित्र हटाओ, माँ-बहनों की लाज बचाओ, गंदे चित्र लगाओ मत माता को लजाओ मत नारे लिखी तख्तियाँ थामे नारे लगाते हुए विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: वेदना निवारण केन्द्र पहुँचे।


रैली को गायत्री परिवार राजस्थान जोन के प्रभारी ओप्रकाश अग्र्रवाल, शांतिकुंज प्रतिनिधि आर.डी. गुप्ता, वेदना निवारण केन्द्र के व्यवस्थापक नेतराम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन वेदना निवारण केन्द्र पर अश्लीलता की अर्थी का दहन किया गया।