नीतीश राजद कोटे के मंत्रियों को दे रहे नसीहत, लगने लगे कयास, यहां पढ़ें

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 02 मार्च 2023, 6:27 PM (IST)

पटना । बिहार में सात पार्टियों के महागठबंधन की सरकार चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों अपने मंत्रिमंडल के राजद कोटे के मंत्रियों को ही नसीहत दे रहे हैं, ऐसे में कई तरह के कयास भी लगाए जाने लगे हैं। नीतीश कुमार शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के रामचरितमानस को लेकर दिए गए बयानों से पहले से ही नाराज है। इसके बाद मंत्री ने कैबिनेट की बैठक के पूर्व ही शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर कर दी, जो मुख्यमंत्री को नागवार गुजरी।

मंत्री ने सातवें चरण की शिक्षक नियुक्ति नियमावली का ब्योरा कैबिनेट में जाने के पहले ही उनके स्तर पर लीक हो गया। इसके बाद नीतीश कुमार ने विधानसभा में ही उन्हें नसीहत दे दी।

नीतीश कुमार ने राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में बोलते हुए मंत्री की ओर इशारा करते हुए नसीहत देने के अंदाज में कहा कि कैबिनेट की बात पहले ही ये मीडिया में बता देते हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में भेजे जाने की बात सार्वजनिक नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब कैबिनेट में पास हो जाएगी तो घोषणा होती ही है।

उन्होंने कहा कि हम अखबार में देखे कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के हवाले से खबर छपी थी। शिक्षा मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि कैबिनेट में भेजे जाने की बात को सार्वजनिक नहीं किया जाता है। संविधान में प्रावधान है, लेकिन अखबार में छपने लगा कि कैबिनेट में प्रस्ताव भेज दिया गया है तो यह गलत है।

कहा जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के कांटी में एक युवक की हत्या के मामले में मंत्री इसराइल अंसारी पर आरोप लगाए जाने के बाद भी मुख्यमंत्री की किरकिरी हो रही है। भाजपा द्वारा इस मामले को सदन में उठाए जाने के बाद नीतीश ने मंत्री को नसीहत दी है।

ऐसा नही कि नीतीश की नाराजगी राजद के मंत्रियों सर ऐसे ही हुई है। कहा जा रहा है कि नीतीश के खिलाफ राजद के नेता बयान दे रहे हैं और राजद कारवाई तक नहीं कर पा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि नीतीश भी मौका मिलते मंत्री को नसीहत देने से नहीं चूक रहे हैं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे