जयपुर। 15 नवंबर 2022 को साधकों द्वारा 24 लाख गायत्री महामंत्र के महापुरश्चरण के लिये गायत्री मंत्र लेखन का संकल्प लिया गया था किंतु परिजनों के अपूर्व उत्साह के कारण 3 महापुरश्चरण के बराबर मंत्र लेखन का कार्य पूर्ण हो गया है। 15 नवम्बर से अब तक 746400 गायत्री महामंत्र लिखे हैं। मंत्रलेखन का प्रभाव जप की तुलना में दस गुना अधिक होने के कारण यह संख्या 74 लाख मानी गई है। इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति 26 फरवरी को किरण पथ मानसरोवर के वेदना निवारण केन्द्र पर नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ होगी। नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
गायत्री परिवार जयपुर के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार की सह संस्थापक भगवती देवी शर्मा और अखण्ड दीपक के शताब्दी वर्ष 2026 में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। उनकी सफलता के लिए यह अनुष्ठान किया गया था।
वेदना निवारण केन्द्र के व्यवस्थापक नेतराम शर्मा ने बताया कि प्रारम्भ में करीब सौ साधकों ने 2.4 लाख गायत्री महामंत्र के महापुरश्चरण के लिए गायत्री मंत्र लेखन का संकल्प लिया था, लेकिन परिजनों के उत्साह के कारण यह संख्या 311 हो गई। इस प्रकार 3 महापुरश्चरण के बराबर मंत्र लेखन का कार्य पूर्ण हो गया है। मंत्र लिखित पुस्तिकाएँ वेदना निवारण केन्द्र में एकत्र की जा रही हैं। यज्ञ से पूर्व इनका पूजन किया जाएगा। बाद में इन्हें लोगों के दर्शनार्थ रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे