नागौर। डीएसटी व थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर कृषि मंडी स्थित एक फर्म में शुक्रवार रात होने वाली डकैती की घटना को असफल कर दिया है। हवाई पट्टी के पास एफसीआई गोदाम की दीवार की आड़ में डकैती की साजिश रच रहे 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके पास से एक एयर पिस्टल, एक बड़ा चाकू, तीन लोहे के पाइप तथा गुजरात और बीकानेर से चुराई गई दो बाइक बरामद की गई है।
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि कोतवाली थाना अधिकारी नरेंद्र जाखड़ के नेतृत्व में एसआई शिव सिंह मय टीम द्वारा शुक्रवार रात गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर एफसीआई गोदाम की दीवार के पास छुप कर शहर की कृषि मंडी में चाण्डक ब्रदर्स फर्म पर डकैती डालने की साजिश रच रहे पांच अभियुक्तों भार्गव मोहल्ला थाना कोतवाली निवासी चंचल कुमार भार्गव उर्फ भरत (22), विक्रम भार्गव उर्फ मोड़ा (24), विजेश भार्गव (30), अनिल भार्गव (21) तथा थाना श्रीबालाजी निवासी किशोर नायक (20) को अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा एवं सीओ विनोद कुमार सीपा के सुपरविजन में थानाधिकारी नरेंद्र जाखड़ मय टीम द्वारा गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की गई। पूछताछ में गुजरात, बीकानेर व नागौर में इनके द्वारा की गई बाइक चोरी की पांच वारदातों का खुलासा हुआ है। चंचल कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ साल 2022 में दिनदहाड़े नागौर कस्बे में वुअपरि से 9 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
इनसे पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व में कृषि मंडी के बड़े व्यापारियों को बैंक से रुपए जाते समय रास्ते में लूटने की योजनाएं बनाई थी। उन योजनाओं के असफल होने पर अब चाण्डक ब्रदर्स पर डाका डालने की साजिश रच रहे थे।
इस टीम ने किया खुलासा
सीओ विनोद कुमार सीपा, एसएचओ नरेन्द्र जाखड़, एसआई शिवसिंह नेगी व सुखराम, हैड कांस्टेबल महावीर, कांस्टेबल भंवर लाल, प्रेमराज, घेवर राम, मुरलीधर, दिनेश, सुरेश व राजेश, डीएसटी से एसआई धर्मपाल मीणा, हैड कांस्टेबल लिखमा राम, कांस्टेबल सुरेश, रामदर्शन व कमल एवं साईबर सैल से हैड कांस्टेबल मूलाराम व श्यामप्रताप।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे