RRR ने जापान में पूरे किए 100 दिन, कमाई में रजनीकांत को छोड़ा पीछे

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 29 जनवरी 2023, 3:00 PM (IST)

गत वर्ष मार्च माह में प्रदर्शित हुई एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर रही फिल्म RRR बीते वर्ष अक्टूबर माह में जापान में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के जापान में प्रदर्शित होने के समय ही यह कहा जा रहा था कि यह तीन दशक पूर्व प्रदर्शित हुई रजनीकांत की फिल्म मुथु का रिकॉर्ड तोडऩे में कामयाब हो जाएगी। प्रदर्शन के बाद आरआरआर ने जापान में तबाही मचा दी। यह फिल्म जापानी बॉक्स ऑफिस पर भारत की सबसे बड़ी सफल फिल्म साबित हो गई है। इसने रजनीकांत की मुथु को पीछे छोड़ते हुए सिनेमाघरों में 100 दिन का सफर पूरा कर लिया है। कितने आश्चर्य की बात है कि विश्व भर में 1100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने वाली RRR भारत में सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे नहीं कर पाई थी, लेकिन जापान में इसने यह कारनामा कर दिया।

जापानी सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे होने के बाद निर्देशक एसएस राजामौली ने एक ट्वीट कर फैंस के लिए अपना आभार व्यक्त किया है। फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली ने हाल ही में एक ट्वीट कर लिखा, उन दिनों में वापस आ गए, जहां एक फिल्म 100 दिन चलती है। 175 दिन चलना बहुत बड़ी बात होती है। वक्त के साथ कारोबार का ढांचा बदला है। वो प्यारी यादें चली गई थीं। लेकिन जापानी दर्शक हमें दोबारा से वो पल जीने का मौका दे रहे हैं। लव यू जापान।

दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म दुनियाभर में अपने नाम का डंका बजाने के बाद दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी धमाकेदार कमाई कर रही है। इस फिल्म ने अब तक जापानी बॉक्स ऑफिस से भी करीब 45 करोड़ रुपये की कुल कमाई हासिल कर ली है। इतना ही नहीं, इसी के साथ ये फिल्म जापानी बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली हाईएस्ट इंडियन ग्रोसर मूवी बन गई। साथ ही RRR ने जापान में अब तक की सबसे बड़ी हिट हुई सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म मुथू को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही इंडियन सिनेमा के नाम एक और बड़ा कीर्तिमान जुड़ गया है।

गौरतलब है कि RRR के ब्लॉकबस्टर गाने नाटू-नाटू को हाल ही में गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। अब ये गाना ऑस्कर्स की भी रेस में हैं। इस फिल्म के गाने को ऑस्कर्स 2023 में बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेट भी किया जा चुका है। अब हर किसी की नजर 13 मार्च पर लगी हुई है। जहां ऑस्कर्स 2023 के विजेताओं का ऐलान होगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे