हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में इंदिरा गांधी का अविस्मरणीय योगदान : सीएम सुखविंद्र सुक्खू

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 25 जनवरी 2023, 3:22 PM (IST)

-हिमाचल दिवस समारोह में सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ली परेड की सलामी

हमीरपुर।
बुधवार काे हिमाचल प्रदेश का 53वां पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी परेड के दौरान मौजूद रहे। कार्यक्रम में सरकार के अन्य मंत्रियों और विधायकों ने भी शिरकत की।

समारोह में सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अविस्मरणीय योगदान रहा है और बर्फबारी के बीच 25 जनवरी 1971 को प्रदेश की जनता को यह सौगात देने वे स्वयं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहुंची थीं।
समारोह के दौरान परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। परेड में झांकियों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं की शानदार झलक पेश की गई।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के 53वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने वीर नायकों, हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली महान विभूतियों को याद किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे