सांसद खेल महाकुंभ से ग्रामीण खिलाड़ियों को मिला मौका : मुख्यमंत्री योगी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 18 जनवरी 2023, 6:43 PM (IST)

बस्ती | यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सांसद खेल महाकुंभ से ग्रामीण खिलाड़ियों को मौका मिला है।

बुधवार को मुख्यमंत्री योगी बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ 2022-23 के दूसरे चरण का उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए सांसद खेल महाकुंभ के जरिए आज प्रदेश में ग्रामीण युवा खिलाड़ियों को मौका मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 59 हजार ग्राम पंचायत में सरकार की ओर से खेल का मैदान बनाया जा रहा है। सांसद खेल महाकुंभ के दूसरे चरण का आयोजन बस्ती से लोकसभा सांसद हरीश द्विवेदी द्वारा किया जा रहा है। इसके पहले चरण का आयोजन 10 दिसम्बर से 16 दिसंबर, 2022 के दौरान किया गया और दूसरे चरण का आयोजन 18 जनवरी से 28 जनवरी, 2023 के दौरान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैदान में हॉकी स्टिक्स से बॉल को फॉर्वर्ड करके खेलों का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में देश और दुनिया ने नये भारत को देखा है। बदलते हुए भारत ने दुनिया के सामने हर क्षेत्र में अपनी ताकत का अहसास कराया है।

कहा कि दुनिया के 20 बड़े देशों की अध्यक्षता भारत को मिलना उसी श्रंखला का हिस्सा है। खेल का एक क्षेत्र हमेशा उपेक्षित रहता था, जिसपर किसी की ²ष्टि नहीं जाती थी। 8 साल पहले पीएम की प्रेरणा से पूरे देश में खेलो इंडिया अभियान शुरू हुआ, जो आज सांसद खेल महाकुंभ के माध्यम से गांव-गांव में पहुंच गया है। 2021 में इसके जरिए ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला, उन्हें खेलकूद का एक मंच मिला। मैं सांसद हरीश द्विवेदी और उनकी टीम को हार्दिक बधाई दूंगा कि उन्होंने इस खेल महाकुंभ के दूसरे चरण का आयोजन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के अंदर 58 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनाये जा रहे हैं। इसमें 34 हजार ग्राम पंचायत में जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। वहीं बस्ती में 30 ग्रामीण खेल मैदानों का निर्माण हो चुका है। साथ ही यहां 45 खेल मैदान बनाने की दिशा में तेज गति से कार्य हो रहा है। इसके अलावा हर राजस्व ग्राम में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल के जरिए खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से ओलम्पिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और अन्तरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। ओलम्पिक में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़, सिल्वर मेडल को 3 करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को एक करोड़ की धनराशि सरकार की ओर से प्रदान की जा रही है। इसके अलावा ओलम्पिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपए प्रदान किये जाते हैं। इसी प्रकार एशियाड में गोल्ड मेडल लाने पर 3 करोड़, सिल्वर मेडल के लिए दो करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल पर एक करोड़ की धनराशि दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपद में एक स्टेडियम और ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने का प्रयास तेज गति से जारी है। प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया अभियान की मूर्त भावना का वास्तविक रूप अब दिखाई देने लगा है। कोविड काल के बावजूद इस वर्ष ओलम्पिक और पैरा ओलम्पिक में हमारे सबसे ज्यादा खिलाड़ियों ने ना सिर्फ प्रतिभाग किया बल्कि सबसे ज्यादा मेडल भी प्राप्त किया।

बुधवार से शुरू हुए सांसद खेल महाकुंभ में कुश्ती, कबड्डी, खो खो, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, टेबल टेनिस आदि जैसे इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की खेल स्पर्धाओं में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनके अलावा निबंध लेखन, चित्रकला,रंगोली बनाना आदि प्रतियोगिताओं का भी आयोजन इस खेल महाकुंभ के दौरान किया जाएगा।(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे