स्वच्छता मिशन में 59 रिसोर्स रिकवरी सेंटर का शिलान्यास : घर-घर कचरा निस्तारण का काम सुचारू करने की कवायद

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 जनवरी 2023, 12:09 PM (IST)

श्रीगंगानगर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले में ठोस कचरा प्रबंधन के लिए रिसोर्स रिकवरी सेंटर के निर्माण कार्यों का जिले के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा शिलान्यास कर कार्य शुरू किया गया।
जिला परिषद के सीईओ मोहम्मद जुनैद ने बताया कि पंचायत समिति श्रीगंगानगर के आठ, पदमपुर के नौ, श्रीकरणपुर के तीन, रायसिंहनगर के 11, अनूपगढ़ के एक, घड़साना के 7, श्रीविजयनगर के चार, सूरतगढ़ के सात और सादुलशहर के 9 सहित जिले में कुल उनसठ रिसोर्स रिकवरी सेंटर निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर कार्य आरंभ किया गया। उक्त कार्यक्रमों में जिला स्तर से जिला समन्वयक श्री हरविंदर सिंह ढिल्लो द्वारा पंचायत समिति सादुलशहर की ग्राम पंचायत मोरजंडखारी मम्मडखेड़ा, ताखरावाली और गंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत 12एलएनपी की ग्राम अक्कावाली में संबंधित सरपंच, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्य आरंभ करवाए गए। पंचायत समिति रायसिंहनगर की ग्राम पंचायत मुकलावा में पंचायत समिति प्रधान द्वारा रिसोर्स रिकवरी सेंटर का शिलान्यास किया गया।
जुनेद ने बताया कि 9 जनवरी को जिला स्तर पर आयोजित समीक्षात्मक बैठक में विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि 26 जनवरी तक जहां आवश्यकता है, वहां रिसोर्स रिकवरी सेंटर का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया जाए ताकि जिले में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य सुचारू रूप से क्रियान्वित किया जा सके। इसके अलावा यह भी निर्देश दिए गए थे कि गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण हेतु सामुदायिक स्तर पर ग्रामीणों को जागरूक करें कि गीले और सूखे कचरे में कौन-कौन से अपशिष्ट आते हैं। साथ ही गीला और सूखा कचरा घर में ही अलग-अलग कचरा पात्र में रखा जाए ताकि रिसोर्स रिकवरी सेंटर में सूखे और गीले कचरे को अलग करने में कोई कठिनाई न आए। उन्होंने बताया कि रिसोर्स रिकवरी सेंटर के निर्माण के पश्चात घर-घर से कचरा संग्रहण कर उक्त केंद्र में लाया जाएगा, जिसमें जैविक कचरे का उपयोग खाद बनाने व अजैविक कचरे को विक्रय हेतु अलग किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे