पठान के सुचारू प्रदर्शन के लिए फेडरेशन ने माँगा सरकार से सहयोग

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 07 जनवरी 2023, 1:14 PM (IST)

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी निर्माता आदित्य चोपड़ा की सिद्धार्थ आनन्द निर्देशित और शाहरुख खान दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम व सलमान खान अभिनीत फिल्म पठान के सुचारू प्रदर्शन को लेकर फिल्म फेडरेशन ने सरकार से सहयोग माँगा है।

पठान के प्रदर्शन पर इन दिनों संकट के बादल घिरे हुए हैं। इस फिल्म के एक गीत बेशरम रंग में दीपिका पादुकोण द्वारा पहनी गई भगवान रंग की बिकिनी को लेकर विरोध चरम पर पहुँच गया है। हाल ही में अहमदाबाद के एक मॉल के बाहर विरोधियों द्वारा इस फिल्म के पोस्टर को जलाया गया और कहा गया है कि फिल्म का प्रदर्शन सिनेमाघरों में नहीं होने दिया जाएगा। फिल्म के खिलाफ दिन-ब-दिन लोगों का गुस्सा भडक़ता ही जा रहा है। बीते दिनों देश के कई राज्यों में फिल्म के खिलाफ राजनीतिक संगठनों ने थियेटर्स में जमकर तोडफ़ोड़ की। साथ ही फिल्म की रिलीज न होने देने की थियेटर्स मालिकों को धमकी भी दी थी। अब लोगों के इस विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ फिल्म फेडरेशन भी उठ खड़ा हुआ है। द फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्पलॉइज यानि एफडब्ल्यूआईसीई ने हाल ही में सरकार से इस बायकॉट ट्रेंड के खिलाफ कदम उठाने की अपील की है।

फेडरेशन ने की पठान को बचाने की अपील

सरकार से शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान की रिलीज सुनिश्चित कराने के लिए फेडरेशन ने सरकार से अपील पर कहा कि फिल्मों से सिर्फ सितारे ही नहीं, बल्कि लाखों छोटे वर्कर्स और टेक्नीशियन्स की रोजी-रोटी जुड़ी होती है। ऐसे में फिल्मों का बायकॉट करना इंडस्ट्री में काम करने वाले लाखों लोगों के रोजगार को प्रभावित करता है। फेडरेशन ने कहा कि ऐसे में सरकार बायकॉट ट्रेंड पर लगाम लगाए।

साथ ही कहा कि एक फिल्म को बनने के बाद सेंसर बोर्ड की नजर से गुजरना होता है। जो फिल्मों की सुप्रीम बॉडी है। जब एक दफा सेंसर बोर्ड से फिल्म को ग्रीन सिग्नल मिल गया ऐसे में बायकॉट ट्रेंड चलाकर किसी फिल्म का नुकसान करना बहुत गलत प्रक्रिया है। अगर किसी को फिल्म से शिकायत है तो इसके लिए सेंसर बोर्ड को लिखा जा सकता है। मगर किसी खास एजेंडे के चलते किसी फिल्म को थियेटर्स पर चलने न देना बेहद खतरनाक तरीका है। इस पर सरकार लगाम लगाए।

द फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्पलॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) की माँग पर सरकार क्या कदम उठाती है यह तो आने वाले समय में पता चलेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में आई जीरो के बाद शाहरुख खान पूर्ण रूप से सिनेमाई परदे पर पठान के जरिये वापसी करने जा रहे हैं। इस फिल्म के प्रति लोगों की दीवानगी देखते ही बन रही है। भारत में अभी से इस फिल्म की एडवांस बुकिंग के बारे में सिनेमाघरों में पूछताछ शुरू हो चुकी है। इस फिल्म के प्रति दर्शकों की दीवानगी देखते हुए ऐसा महसूस हो रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग लेते हुए धमाका करने में कामयाब होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे