नकल मामला: सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में स्कूल लेक्चरर समेत दो डमी अभ्यर्थी पकड़े

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 दिसम्बर 2022, 09:46 AM (IST)

उदयपुर। सैकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में पंजीकृत परीक्षार्थी की जगह डमी कैंडिडेट बनकर शामिल होने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें मनोहरलाल नाम का एक युवक सरकारी स्कूल में लेक्चरर है। दूसरा नरेंद्र सिंह परीक्षा की तैयारी कर रहा है।

पुलिस के मुताबिक पहला मामला ए​कलिंगपुरा में सरकारी स्कूल का है। आरोपी जालोर में सांचोर निवासी मनोहर लाल विश्नोई अभ्यर्थी अशोक पारीख की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। सरकारी स्कूल में लेक्चरर मनोहर पहली पारी की परीक्षा दे चुका था। दूसरी पारी में जब सख्ती से पहचान पत्र में फोटो का मिलान करवाया गया तो आरोपी पानी पीने चला गया। दुबारा वो टॉयलेट करने गया, जहां दीवार फांदकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस जवानों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।

दूसरा मामला विद्याभवन सीनियर सैकंडरी स्कूल का है। यहां अभ्यर्थी प्रकाश चन्द्र लूर की जगह डमी अभ्यर्थी बनकर बाड़मेर निवासी नरेन्द्र सिंह परीक्षा देने आया। प्रवेश पत्र, फोटो व पहचान पत्र जांच में यह संदिग्ध लगा। सख्ती करने पर उसने सच कबूल कर लिया। फिर इसे इन्विजीलेटर और पुलिस द्वारा सच्चाई बताने के लिए दबाव बनाया गया तो इसने सच बता दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे