CPL-4 : सैमी पर भारी प्लेसिस की टीम

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 04 जुलाई 2016, 1:07 PM (IST)

बासेटेरे (सेंट किट्स)। वेस्टइंडीज में चल रहे टी20 टूर्नामेंट कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के चौथे संस्करण में रविवार को सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स की टीम ने जीत दर्ज की। सेंट किट्स ने सेंट लुसिया जोकस को 58 रन से करारी मात दी। सेंट किट्स के कप्तान दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस व सेंट लुसिया के वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर डेरेन सैमी हैं।

सैमी ने टॉस जीतने के बाद सेंट किट्स को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। सेंट किट्स की ओर से बाएं हाथ के बल्लेबाज एविन लेविस ने 73 रन की आतिशी पारी खेली। लेविस ने 36 गेंदों में छह चौके व पांच छक्के उड़ाए। लेविस ने लेंडल सिमंस के साथ पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 69 रन जोड़े। सिमंस ने 16 गेंदों में दो चौकों व तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाए।

विकेटकीपर डेवोन थॉमस ने 48 रन का योगदान दिया। उनकी 27 गेंदों की पारी में एक चौका व पांच छक्के शुमार रहे। जोनाथन कार्टर ने 11 और थिसारा परेरा ने 10 रन का योगदान दिया। प्लेसिस 9 व कार्लोस ब्रेथवेट 8 रन ही बना सके। ब्रेड हॉज एक रन पर नाबाद लौटे।

सेंट लुसिया की ओर से ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शेन वाटसन ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मोर्न मोर्केल, सैमी व डेरोन डेविस ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में सेंट लुसिया के बल्लेबाज ज्यादा संघर्ष नहीं कर पाए और टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 145 रन तक ही पहुंच सकी।

हालांकि वाटसन और चार्ल्स ने लुसिया को शानदार शुरुआत दी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 90 रन ठोके। यह जोड़ी टूटने के बाद टीम की लय पूरी तरह से बिगड़ गई। वाटसन ने 31 गेंदों पर चार चौकों व तीन छक्कों की मदद से 55 और चार्ल्स ने 30 गेंदों में एक चौके व तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। माइकल हसी 22 रन पर नाबाद लौटे, जबकि सैमी ने 19 रन बनाए। आंद्रे फ्लेचर व डेविड मिलर फ्लॉप रहे। सैमुअल बद्री ने दो तथा ब्रेथवेट, परेरा व तबरेज शम्सी ने 1-1 विकेट लिया।