स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारों का अहम योगदान - राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 नवम्बर 2022, 08:16 AM (IST)

चंडीगढ़ । पंजाब एंड चंडीगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन और चंडीगढ़ एंड हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन ने चंडीगढ़ में राष्ट्रीय प्रेस दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। राज्यपाल ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिन्होंने बिना किसी डर के अंग्रेजों के खिलाफ अभियान चलाया जिसके चलते देश को आजादी मिली।




राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में भी पत्रकार तमाम कठिनाइयों का सामना करते हुए भी निडर होकर निष्पक्ष पत्रकारिता करें। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का काम सच को सबके सामने लाना है और सच्चाई की राह पर चलने वालों की कभी हार नहीं होती। राज्यपाल पुरोहित ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों में देशभक्ति जगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज कई विश्व स्तरीय समाचार पत्र या पत्रिकाएं भारत को एक बुरे देश के रूप में चित्रित करने की कोशिश कर रहे हैं, हमें देश हित में बोलना चाहिए ताकि उन्हें करारा जवाब दिया जा सके। इससे पहले पीसीजेयू व सीएचजेयू की ओर से बलविंदर जम्मू, बलवीर सिंह जंडू, राम सिंह बराड़, बलवंत तक्षक, नलिन आचार्य ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित व पी साईनाथ को सम्मान सूचक पगड़ी पहनाई और स्मृति चिन्ह व फुलकारी देकर उनका सम्मान किया।


देश के जाने-माने पत्रकार पी साईनाथ ने कहा कि पत्रकार का काम सरकारों के सामने असल सच्चाई पेश करना होता है। जबकि केंद्र सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह मीडिया रिपोर्ट के आधार पर उन कमियों को दूर करे। उन्होंने कहा कि देश की सभी भाषाएं समान हैं और सभी क्षेत्रीय भाषाओं को भी समान अधिकार मिलना चाहिए। पी साईनाथ ने कहा कि देश की आजादी से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर, राज मोहन राय, भगत सिंह जैसे सैकड़ों लोगों ने देश की आवाज बनकर पत्रकारिता की है। लेकिन आज देश के मीडिया घरानों पर कारपोरेटों का कब्जा हो रहा है, जिससे मीडिया सरकार के असल प्रदर्शन को सबके सामने नहीं रख पा रहा है। पी साईनाथ ने कहा कि आज के समय में मीडिया संस्थानों के बीच कॉरपोरेट घराने का मनोबल तोड़ने की जरूरत है, वरना हमें कोई उम्मीद नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक प्रसारण को बल दिया जाए। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारों के अधिकारों का दमन किया जा रहा है, इसलिए पत्रकार संगठनों से पुरजोर तरीके से आगे आने का आग्रह किया। इससे पहले पंजाब एंड चंडीगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के चेयरमैन बलविंदर सिंह जम्मू और अध्यक्ष बलवीर सिंह जंडू ने देश में मीडिया कमीशन और जर्नलिस्ट एक्ट बनाने की मांग की। इससे पत्रकारों के उत्पीड़न और पत्रकारों के अधिकारों के बारे में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।


इससे पहले पीसीजेयू की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष जय सिंह छिब्बर, बिंदु सिंह, सीएचजेयू अध्यक्ष राम सिंह बराड़ व चेयरमैन बलवंत तक्षक, जगतार सिंह भुल्लर, तरलोचन सिंह, डॉ. प्यारा लाल गर्ग ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन पीसीजेयू महासचिव पॉल सिंह नौली ने किया। इस मौके पर पत्रकार संगठन ने पंजाब के राज्यपाल व यूटी के प्रशासक को पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मांग पत्र दिया। राज्यपाल ने पत्रकारों की मांगों बारे शीघ्र ही सहानूभूतिपूर्वक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे