कैटरीना और सलमान से टाइगर-3 में टकराव लेंगी रिद्धि डोंगरा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 05 नवम्बर 2022, 08:23 AM (IST)

पिछले दो वर्षों से लगातार सुर्खियों में रह रही सलमान खान-कैटरीना कैफ की टाइगर-3 एक बार फिर से चर्चाओं में हैं। इस बार यह फिल्म अपनी प्रदर्शन तिथि में बदलाव के चलते नहीं अपितु अपने साथ एक नई स्टार कास्ट को जोडऩे के कारण चर्चाओं में है। गलियारों में बहती हवाओं का कहना है कि सलमान खान की इस बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित टाइगर सीरीज की 3री किश्त में टीवी की जानी मानी अभिनेत्री रिद्धि डोंगरा की प्रविष्टि हुई है, जो परदे पर इन दोनों सितारों से टकराव मोल लेती नजर आएंगी। हालांकि अभी तक उनकी भूमिका के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है लेकिन उम्मीद है कि वे भी इमरान हाशमी की तरह खल पात्र को परदे पर निभाती नजर आएंगी।

ज्ञातव्य है कि टाइगर-3 का निर्माण यशराज स्टूडियो कर रहा है। इस फिल्म का निर्देशन मनीष शर्मा कर रहे हैं जो इससे पहले आदित्य चोपड़ा निर्मित बैंड बाजा बारात और शाहरुख खान अभिनीत फैन का निर्देशन कर चुके हैं। रणवीर सिंह अभिनीत बैंड बाजा बरात जहाँ सफल थी, वहीं शाहरुख खान की फैन बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। इसके बावजूद आदित्य ने मनीष शर्मा को अपनी इस सफलतम सीरीज के निर्देशन की बागडोर सौंपी। टाइगर की पिछली दोनों फिल्मों का निर्देशन जिनमें एक था टाइगर और टाइगर जिंदा है शामिल रही हैं, कबीर खान और अली अब्बास जफर ने किया था। कबीर खान पहले ऐसे निर्देशक थे जिन्होंने एक था टाइगर के अगले भाग को बनाने से स्पष्ट इंकार कर दिया था। तब आदित्य चोपड़ा ने यह जिम्मेदारी अली अब्बास जफर को सौंपी और उन्होंने इसे सफलतम सीरीज में बदल दिया।

गौरतलब है कि सलमान खान-कैटरीना कैफ की यह फिल्म पहले ईद 2023 पर प्रदर्शित होने वाली थी लेकिन इसे स्थगित करते हुए दीवाली 2023 पर प्रदर्शित किया जाएगा। ईद पर अब सलमान खान की फहाद सामजी के निर्देशन में बन रही किसी का भाई किसी की जान फिल्म प्रदर्शित होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे