मेट्रो सिटीज में बढ़े ब्रह्मास्त्र के शोज, 21 साल बाद दिल्ली में सुबह 6 बजे से

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 11 सितम्बर 2022, 12:52 PM (IST)

रणबीर कपूर स्टारर ब्रह्मास्त्र को लेकर बज बना हुआ है। भारी विरोध होने के बाद भी फिल्म का कलेक्शन भारत में करीब 36 करोड़ और वल्र्डवाइड 75 करोड़ रुपए हुआ है। फिल्म के क्रेज का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली में चल रहे सारे शो लगभग हाउसफुल हैं, इस कारण थिएटर मालिकों ने सुबह 6 बजे से शो शुरू करने का फैसला किया है। 21 साल पहले फिल्म गदर के लिए सुबह 6 बजे से शो शुरू किए गए थे।

वहीं, मुंबई में भी फिल्म के शोज की टाइमिंग सुबह 8 बजे से की गई है। ऑडियंस ये फिल्म आइमैक्स या 3डी में ही देखना चाहती है। इसके चलते फिल्म के एग्जीबिटर्स ने वीकेंड तक इसके शो सुबह जल्दी शुरू करने की प्लानिंग की है। बुक माय शो में दिल्ली की ऑडियंस के लिए ब्रह्मास्त्र के शो सुबह 6 बजे से रखे गए हैं।

वीएफएक्स का जबरदस्त बज है
ब्रह्मास्त्र के सुबह के शोज पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीनियर क्रिटिक इंदर मोहन सिंह पन्नू ने बताया कि 21 साल बाद यह देखने को मिल रहा है। इसके पहले सुबह के जल्दी शोज प्रिंट/रील के जमाने में हुआ करता था। तब फिल्मों के गाने इतने जबरदस्त हिट होते थे कि थिएटर के मालिक जल्दी शो शुरू कर देते थे। अब सेटेलाईट से ऑपरेट होने वाले टाइम में शो जल्दी शुरू होना बड़ी बात है। ब्रह्मास्त्र के लिए ऐसे इसलिए भी हो रहा है, क्योंकि फिल्म के वीएफएक्स को लेकर जबरदस्त बज है।

वीकेंड तक सुबह 6 बजे से शुरू होंगे शो

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रह्मास्त्र के एक एग्जीबिटर ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, आइमैक्स वर्जन के कई शोज शुक्रवार को हाउसफुल रहे हैं। कई सिनेमाघरों में संडे के शोज प्री-बुकिंग के चलते पहले से ही पूरी तरह बुक हो चुके हैं। इसलिए हमने शोज की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है और कई शहरों में सुबह 6 बजे के शोज रखे हैं।

एग्जीबिटर ने बात करते हुए कहा, ब्रह्मास्त्र के वीएफएक्स की काफी तारीफ हो रही है। ऑडियंस ये फिल्म आइमैक्स या 3डी में ही देखना चाहती है। इसीलिए फिल्म के शोज की मांग इन फॉरमेट्स में ज्यादा है। हालांकि यह व्यवस्था वीकेंड के लिए ही की गई है। वीकेंड के बाद फिल्म के शोज बढ़ाने हैं या नहीं, ये डिमांड के बाद ही तय किया जाएगा।

ब्रह्मास्त्र 9 सितंबर को भारत की 5,019 स्क्रीन्स और ओवरसीज में करीब 3,894 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई। फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स स्टार स्टूडियो के पास हैं। 21 फॉक्स स्टार स्टूडियो के टाइटल से फॉक्स हटा दिया गया है। ऐसे में ब्रह्मास्त्र इस स्टूडियो के नए नाम के साथ रिलीज होने वाली पहली फिल्म है। वहीं, फिल्म को वॉल्ट डिज्नी स्टूडियो मोशन पिक्चर फिल्म द्वारा वल्र्डवाइड डिस्ट्रीब्यूट किया गया है। भारत की 5,019 स्क्रीन्स मिलाकर इसे ग्लोबली 8,913 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया।

पहले दिन ग्रॉस 75 करोड़ रुपए कमाए
ब्रह्मास्त्र ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिल्म ने ओपनिंग डे पर भारत में 36 करोड़ का कलेक्शन किया है। वहीं, ग्लोबल ग्रॉस कलेक्शन 75 करोड़ रुपए रहा। इस तरह ब्रह्मास्त्र कोरोना काल के बाद बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। कोरोना काल के बाद पिछले साल अक्टूबर में थिएटर खुले थे। इसके बाद करीबन 27 फिल्में थिएटर में रिलीज हुईं। अक्षय, आमिर जैसे बड़े स्टार की 8 बड़ी बजट की फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन किसी ने पहले दिन इतना बिजनेस नहीं किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे