सिनेमाई गलियारों में बहती हवाओं ने बताया है कि 4 वर्ष बाद वर्ष 2023 में फिल्मी परदे पर वापसी करने वाले शाहरुख खान इन दिनों सोशल मीडिया पर चल रहे फिल्मों के बायकॉट ट्रेंड से घबरा गए हैं। इसी के चलते उन्होंने फरहान अख्तर की ख्यातनाम सीरीज डॉन के 3रे भाग में काम करने से फिलहाल वक्ती तौर पर इंकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि शाहरुख का मानना है कि इस वक्त डॉन के किरदार को परदे पर निभाना उचित नहीं होगा।
शाहरुख खान 4 साल बाद अपने कमबैक को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता के पास इस समय एक साथ कई दिलचस्प प्रोजेक्ट्स हैं, जिनके जरिए वो दर्शकों के बीच एक बार फिर तहलका मचाते दिखाई देंगे। कुछ समय पहले ही शाहरुख खान ने फिल्म पठान की शूटिंग काफी हद तक पूरी कर ली है। इस फिल्म का टीजर भी शाहरुख खान ने फैंस के बीच जारी किया था। फिल्म में अभिनेता के साथ जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्देशक सिद्धार्थ आनन्द की पठान के अलावा शाहरुख खान के पास निर्देशक एटली की जवान और राजकुमार हिरानी की डंकी सरीखी फिल्में हैं, जिनसे उन्हें स्वयं को बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं। फरहान अख्तर पिछले कुछ माह से अपनी सफलतम सीरीज डॉन के 3रे भाग की कथा-पटकथा को पूरा करने में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि काम पूरा होने के बाद उन्होंने शाहरुख खान को यह फिल्म ऑफर की थी, लेकिन शाहरुख खान ने इस ऑफर को स्वीकार करने से इंकार कर दिया है।
इस समय बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड फिल्मों को लगातार असफलता का सामना करना पड़ रहा है। इस महीने रक्षाबंधन के खास मौके पर रिलीज हुई आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा और अक्षय कुमार की 'रक्षाबंधन' के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। लगातार बायकॉट ट्रेंड को देखने के बाद शाहरुख खान ने डॉन 3 से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोट्र्स में बताया गया है कि प्रेजेंट टाइम को देखते हुए अभिनेता ने फिल्म को करने से मना कर दिया है।
इससे पहले आईं रिपोट्र्स में बताया गया था कि शाहरुख खान डॉन 3 को करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट पर फरहान अख्तर काफी समय से काम कर रहे थे। शाहरुख खान को लगता है कि डॉन एक आइकॉनिक किरदार है और इसे दोबारा निभाने के लिए एक बार सोचना पड़ेगा। करंट सेनारियो इंडस्ट्री के सही नहीं है। इसलिए वो उन्हीं फिल्मों पर काम कर रहे हैं, जिनपर उन्हें पूरा भरोसा है। उनकी कमबैक फिल्म पठान आगामी वर्ष 23 जनवरी को प्रदर्शित होने जा रही है। इसके बाद जून माह में उनकी एटली के निर्देशन में बनी फिल्म जवान का प्रदर्शन होगा। यह दोनों फिल्में एक्शन से भरपूर हैं। शाहरुख खान को विश्वास है कि दर्शकों में यह दोनों फिल्में उन्हें पुन: स्थापित करने में सफल होंगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे