डिजिटल माध्यम से सर्विस डिलीवरी में राजस्थान अव्वल -आयुक्त, सूचना एवं प्रौद्योगिकी

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 26 अगस्त 2022, 5:47 PM (IST)

जयपुर । सूचना एवं प्रौद्योगिकी आयुक्त आशीष गुप्ता ने कहा कि डिजिटल माध्यम से योजनाओं की सर्विस डिलीवरी में राजस्थान देश में अब सिरमौर राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 85 हजार ई -मित्र एवं 15 हजार ई-मित्र प्लस सहित कुल एक लाख ई -मित्र संचालित है, जबकि देश में यह आंकड़ा 3 लाख है, ऐसे में राजस्थान में पूरे देश के एक तिहाई ई-मित्र संचालित हो रहे हैं।
गुप्ता शुक्रवार को झालाना डूंगरी स्थित भामाशाह टेक्नो हब में ‘आधार उपयोग को सरल बनाने के लिए हालिया पहल‘ पर एक राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के आधार पंजीकरण कम है। इस कमी को पूरा करने पर राज्य सरकार फोकस करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में पहले सरकारी योजनाओं के लाभ लेने के लिए या अन्य कार्यों के लिए आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन डिजिटल क्रांति के इस युग में अब सरकार की सारी योजनाएं मोबाइल फोन पर उपलब्ध हैं तथा डिजिटल सर्विस डिलीवरी से सिस्टम में पारदर्शिता बड़ी है। श्री गुप्ता ने बताया कि सर्विस डिलीवरी में सबसे मुख्य भूमिका डाटा की प्रमाणिकता होती है। राज्य में यह काम आधार कार्ड अथवा जन आधार कार्ड द्वारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम आगामी समय में राज्य में आधार पंजीकरण सौ प्रतिशत करने पर काम कर रहे हैं।
शरत कविराज, पुलिस महानिरीक्षक राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो, ने अभियुक्तों और जमानतदारों के रिकॉर्ड पर नज़र रखने के लिए आपराधिक न्याय प्रणाली में आधार के उपयोग का लाभ उठाने की आवश्यकता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम से भी आधार को जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।कार्यशाला में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यू.आई.डी.ए.आई.) के क्षेत्रीय कार्यालय से आई.टी.एस., डीडीजी (एचआर) श्री अतुल चौधरी ने आधार पारिस्थितिकी तंत्र के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और जोर दिया कि डेटा सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यू.आई.डी.ए.आई. डेटाबेस की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे