साइक्लिस्ट रेणु सिंघी -1550 किलोमीटर की 'लंदन-एडिनबर्ग-लंदन 2022' पूरी करने वाली एकमात्र भारतीय महिला

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 22 अगस्त 2022, 1:47 PM (IST)

जयपुर । जयपुर की साइक्लिस्ट रेणु सिंघी ने साइक्लिंग में एक और नई उपलब्धि हासिल की है। गत दिनों पूर्ण हुए साइक्लिंग के नेशनल इवेंट 'लंदन-एडिनबर्ग-लंदन 2022' को उन्होंने निर्धारित समय में पूरा किया है। खास बात यह है कि 57 वर्ष की उम्र होने के बावजूद ऐसा करने वाली वे भारत की एकमात्र महिला प्रतिभागी हैं। आयरन लेडी के नाम से मशहूर रेणु सिंघी का इस उपलब्धि पर रविवार को होटल क्लार्क आमेर में भव्य स्वागत कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जयपुर साइक्लिंग कम्यूनिटी (जेसीसी) के प्रेसीडेंट सुनील शर्मा के साथ चर्चा कर 'लंदन-एडिनबर्ग-लंदन 2022' के अनुभव साझा किए।

रेणु सिंघी ने बताया कि "लंदन-एडिनबर्ग-लंदन दुनिया के सबसे कठिन व चुनौतीपूर्ण साइक्लिंग इवेंट में से एक माना जाता है। इसमें प्रतिभागियों को 14,300 मीटर का एलिवेशन गेन करना होता है। इस बार की राइड में दुनियाभर से करीब 1900 साइक्लिस्ट शामिल हुए। ब्रिटेन के बाद भारत से इसमें सर्वाधिक 172 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रतिभागियों को इंग्लैंड की राजधानी लंदन से शुरुआत कर स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग होते हुए संपूर्ण यूनाइटेड किंगडम में 1550 किलोमीटर साइक्लिंग कर वापस लंदन पहुंचना था। यह कोई सामान्य राइड नहीं थी, बल्कि इस राइड के लिए 128 घंटे की समय सीमा तय की गई थी"।

रेणु सिंघी ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से यह सफर 124 घंटे व 32 मिनट घंटे में पूरा कर देश का नाम रोशन किया। यह उनकी मानसिक व शारीरिक फिटनेस का सर्वोत्तम प्रमाण है। इसके साथ ही ऐसा करने वाली वे भारत की एकमात्र महिला प्रतिभागी बन गई। इससे पूर्व वे लगातार 600 किलोमीटर साइक्लिंग कर पांच बार सुपर रेंडोन्नेर का स्टेटस हासिल कर चुकी हैं। अगस्त—19 में पेरिस में आयोजित इंटरनेशनल साइक्लिंग राइड 'पेरिस—बे—पेरिस' में 92 घंटे में 1220 किलोमीटर साइक्लिंग कर चुकी हैं। यही नहीं, उन्होंने अक्टूबर—21 में श्रीनगर से लेह तक करीब 420 किलोमीटर साइक्लिंग भी पूरी की है। वे वर्तमान में पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की एडवाइजर हैं।

अपने मोटिवेशन के बारे में उन्होंने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व जेसीसी के प्रेसीडेंट सुनील शर्मा ने उन्हें साइक्लिंग करने के लिए मोटिवेट किया था। इसके बाद कुछ कॉम्पिटिशंस में हिस्सा लेने के बाद नेशनल व इंटरनेशनल इवेंट्स में भी पार्टिसिपेट करना शुरू किया। इसमें उनके पूरे परिवार ने हमेशा हौसला बढ़ाया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे