द ग्रे मैन पर नेटफ्लिक्स ने लगाया 1600 करोड़ का दांव, सफल होने पर बनेगी सीरीज

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 21 जुलाई 2022, 3:23 PM (IST)


नेटफ्लिक्स भारत में अपनी नींव को मजबूत करने में लगा हुआ है। इन दिनों वह ओरिजनल नेटफ्लिक्स के लिए कई सारी वेब सीरीज और फिल्मों का निर्माण कर रहा है। हाल ही में नेटफ्लिक्स ने अपनी आने वाली फिल्म द ग्रे मैन का समारोह आयोजित किया था। इस समारोह में भारतीय सिने कलाकार धनुष को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। गौरतलब है कि धनुष इस फिल्म के जरिए हॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं।

धनुष इन दिनों अपने हॉलीवुड डेब्यू को लेकर सुर्खियों में बने हुए है। धनुष अवेंजर्स की फेमस डायरेक्टर जोड़ी रूसो ब्रदर्स की नई फिल्म द ग्रे मैन में नजर आने वाले है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स की सबसे महंगी एक्शन थ्रिलर है। ऐसे में निर्देशक जोड़ी एंथनी और जो रूसो ने नेटफ्लिक्स के बड़ा खर्च करने पर बात की है। नेटफ्लिक्स ने फिल्म के लिए एंथनी और जो रूसो को 200 मिलियन डॉलर यानी लगभग 1600 करोड़ रुपये दिए थे। इस फिल्म की शूटिंग दोनों ने दुनियाभर की कई बढिय़ा लोकेशंस पर की है। शूटिंग करने के बारे में बात करते हुए जो रूसो ने कहा, इसने लगभग हमारी जान ही ले ली थी। ज्ञातव्य है कि फिल्म द ग्रे मैन को एंथनी और जो रूसो ने मिलकर लिखा है। साथ ही दोनों ने इसका निर्माण और निर्देशन भी किया है।

एक सीन के लिए खर्च किए 319 करोड़ रुपये
इस फिल्म के एक एक्शन सीन को प्रोड्यूस करने में एक महीने का समय लगा था। इसमें बड़ी बंदूकों, प्राग के ओल्ड टाउन क्वॉर्टर में घूमने वाली एक ट्राम कार के साथ हॉलीवुड एक्टर रायन गॉस्लिंग को असैसिन्स की पूरी सेना से लड़ते हुए दिखाया गया है। लड़ाई के दौरान रायन एक पत्थर के बेंच से बंधे हुए हैं। यह एक ऐसा सीन है, जिसे देखकर जनता चीयर करेगी। बताया जा रहा है कि इस सीन को बनाने के लिए लगभग 40 मिलियन डॉलर यानी तकरीबन 319 करोड़ रुपये का खर्च किया गया है।

फिल्म द ग्रे मैन नेटफ्लिक्स की सबसे महंगी फिल्म है। इसे यूएस के कुछ थिएटर्स में वीकेंड पर रिलीज किया गया है। माना जा रहा है कि इस स्पाई फ्रैंचाइजी को जेम्स बॉन्ड और मिशन इम्पॉसिबल की तरह बनाया गया है। बताया जा रहा है कि द ग्रे मैन के साथ रूसो ब्रदर्स का प्लान इस स्पाई फ्रैंचाइजी को बढ़ाना है। अगर यह फिल्म हिट होती है तो ग्रे मैन यूनिवर्स की फिल्में और टीवी सीरीज आगे भी बनाई जाएंगी।

हॉलीवुड स्टार्स रायन गॉस्लिंग, क्रिस इवांस, आना दे अर्मास और रेगे जॉन पेज के साथ इस फिल्म में साउथ स्टार धनुष नजर आने वाले हैं। धनुष का हॉलीवुड डेब्यू धमाकेदार रहा है। अभी तक फिल्म को देखने वाले दर्शकों को धनुष की परफॉरमेंस को काफी पसंद भी किया है। वहीं धनुष के काम की तारीफ उनके को-स्टार्स रायन और रेगे भी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे