दिल्ली : निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत, पीएम मोदी और केजरीवाल ने जताया दुख

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 15 जुलाई 2022, 3:36 PM (IST)

नई दिल्ली। अलीपुर में एक स्थित एक गोदाम की शुक्रवार को दीवार गिर गई। खबरों की माने तो इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई और 14 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। बता दें कि हादसे के वक्त 20 से 25 मजदूर गोदाम में काम कर रहे थे। ऐसे में दर्जनों लोगों को फंसे होने की आशंका है।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, दुर्घटना स्थल से एक दर्जन से अधिक लोगों को बचाया गया, जिनमें से पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा कि उन्हें दोपहर करीब 12.40 बजे नरेला क्षेत्र में चौहान धर्मकांटा के पास बकोली गांव में घटना की सूचना मिली, जिसके बाद छह दमकल गाड़ियों को तुरंत सेवा में लगाया गया। मलबे के नीचे फंसे लगभग 15 घायल लोगों को दमकलकर्मियों ने बचाया और तुरंत राजा हरीश चंद अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है। स्थानीय पुलिस ने लोगों को घटना स्थल से दूर रखने के लिए एक परिधि निर्धारित की है क्योंकि किसी भी व्यक्ति को बचाने के लिए एक गहन बचाव अभियान चल रहा है, जो अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। इस बीच, दो जेसीबी क्रेनें गिरी हुई दीवार का मलबा हटाने के लिए लगाई गई हैं।
PM मोदी और सीएम केजरीवाल ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में दीवार गिरने की घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, "दिल्ली के अलीपुर में हुई दुर्घटना से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।"

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अलीपुर में हुई दुर्घटना वास्तव में दुखद है और उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, "जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है। मैं व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी कर रहा हूं।"







ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे