कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म भूल भुलैया 2 20 मई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलतापूर्वक 3 सप्ताह का समय पूरा करने के बाद 4थे सप्ताह में प्रवेश कर गई है। फिल्म को रिलीज हुए 22 दिन हो गए हैं और फिल्म की कमाई लगातार जारी है। फिल्म ने अपने 4थे शुक्रवार को 1.56 करोड़ का कारोबार किया है। कमाई को देखते हुए अंदाजा लगाया जा सकता है कि शनिवार और रविवार को फिल्म भूल भुलैया 2 का कारोबार बढ़ सकता है। उम्मीद की जा सकती है कि यह फिल्म शनिवार और रविवार को बॉक्स ऑफिस पर लगभग 4 करोड़ का कारोबार करने में सफल हो जाएगी। यदि ऐसा होता है तो इस फिल्म का कुल कारोबार लगभग 169 करोड़ हो जाएगा।
अनीस बज्मी के निर्देशन वाली फिल्म भूल भुलैया 2 ने अपने 4थे शुक्रवार को 1.56 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह से फिल्म ने अब तक 164.71 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म भूल भुलैया 2 लोगों को खूब पसंद आई है और इसका नतीजा बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आया। भूल भुलैया-2 ने अपनी लगातार रफ्तार से अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को बॉक्स ऑफिस पर करारी मात देने में सफलता प्राप्त की। अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज ने अपने 7 दिन के प्रदर्शन में बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 55 करोड़ का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की। इससे पहले अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडे को बॉक्स ऑफिस पर निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स खा गई थी। बच्चन पांडे का हश्र तो सम्राट पृथ्वीराज से भी बुरा हुआ था। बच्चन पांडे ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 49 करोड़ का कारोबार किया था।
भूल भुलैया 2 के बिजनेस की बात करें तो फिल्म ने 3 दिन में 50 करोड़ रुपये, 5 दिन में 75 करोड़ रुपये, 9 दिन में 100 करोड़ रुपये,11 दिन में 125 करोड़ रुपये और 17 दिन में 150 करोड़ रुपये कमाए हैं।
फिल्म भूल भुलैया 2 कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के अलावा तब्बू, संजय मिश्रा और राजपाल यादव भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। लोगों को फिल्म की कहानी और कार्तिक आर्यन की एक्टिंग खूब पसंद आ रही है। गौरतलब है कि प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी भूल भुलैया में अक्षय कुमार और विद्या बालन ने मुख्य भूमिकाएँ अभिनीत की थी। यह फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई थी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे