दिल्ली के अस्पताल में आग लगने से वेंटिलेटर पर मौजूद मरीज की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 जून 2022, 1:03 PM (IST)

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी इलाके के अस्पताल में आग लगने से वेंटिलेटर पर मौजूद 64 वर्षीय एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी रामसेवक के रूप में हुई है, जो गुर्दे की बीमारी से पीड़ित था और वेंटिलेटर पर था।

अधिकारी के अनुसार, उन्हें उत्तर पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी स्थित ब्रह्म शक्ति अस्पताल में सुबह करीब पांच बजे आग लगने की घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की नौ गाड़ियों को तुरंत सेवा में लगाया गया।

दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, "अस्पताल की इमारत की तीसरी मंजिल पर आईसीयू वार्ड में आग लगने की सूचना मिली थी।"

उन्होंने कहा कि, कोई भी अग्निशमन प्रणाली काम करने की स्थिति में नहीं पाई गई और यहां तक कि निकास द्वार भी बंद पाया गया।

इस बीच, घटना के बारे में कॉल प्राप्त करने वाली दिल्ली पुलिस ने भी इसका संज्ञान लिया है और विजय विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 285, 287 और 304 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी जिला) प्रणव तायल ने कहा कि, वेंटिलेटर पर मौजूद मरीज की मृत्यु हो गई क्योंकि आग के कारण बिजली और ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई थी।

प्रारंभिक जांच के बाद पता चला कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट था।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे