उप्र: चाकू मार कंपनी एजेंट से 4.5 लाख की लूट

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 29 जून 2016, 8:59 PM (IST)

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर-ऐरायां रोड पर मंगलवार सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने विदेशी मुद्रा ट्रांसफर करने वाली वेस्टर्न इंडिया कंपनी के एजेंट को चाकू मारकर घायल कर उसके पास रखे लगभग साढे चार लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी मौके पर पहुंचे और पीडित से घटना के बावत पूछताछ की। उन्होंने घटना का खुलासा करने के लिए टीम गठित कर दी है। पुलिस लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वेस्टर्न इंडिया कंपनी का एजेंट इशरत रोज की तरह खागा नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से चार लाख उन्तालीस हजार छह सौ सत्तर रुपये निकालकर जा रहा था। जैसे ही वह सुल्तानपुर घोष के ऐरायां रोड पर पहुंचा, पहले से पीछा कर रहे सफेद रंग की अपाचे सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करने के बाद उसे रोक लिया तथा चाकू व डंडे के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने उसके हाथ में चाकू मारकर थैला छीन लिया और उसकी बाइक की चाबी लेकर अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पीडि़त एजेंट खागा कोतवाली पहुंचा और अपनी आपबीती बताई। कोतवाली प्रभारी शरीफ खान पीडि़त को लकर तत्काल हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं लूट की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी भी पहुंचे और पीडि़त से घटना के बावत जानकारी लेने के बाद सीओ अतुल चौबे व कोतवाली प्रभारी शरीफ खान को घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। कुछ दिन पूर्व इसी कंपनी के एजेंट हारून के साथ भी बदमाशों ने लूटपाट की थी और साढे चार लाख रुपये ले गए थे। अभी तक पुलिस इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।