राजीविका की महिलाओं के जैविक उत्पादों का हो सकेगा प्रमाणीकरण

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 25 मई 2022, 07:42 AM (IST)

जयपुर । राजीविका के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित जैविक उत्पादों का प्रमाणीकरण राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणीकरण संस्था द्वारा किया जाएगा। इस सम्बन्ध में राजीविका की राज्य मिशन निदेशक श्रीमती मंजू राजपाल एवं राजस्थान राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणीकरण संस्था के निदेशक श्री महेश वर्मा ने मंगलवार को एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए। राजीविका द्वारा गठित महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा आठ जिलों के 19 ब्लॉक के 353 गांवों में 2780 हैक्टेयर में जैविक खेती की जाएगी। महिला किसानों के जैविक उत्पादों का प्रमाणीकरण होने से प्रमाणित जैविक उत्पादों के विपणन करने में आसानी होगी। इससे इन जैविक उत्पादों की उत्पादक महिलाओं के आर्थिक स्वालम्बन की राह प्रशस्त होने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल जैविक खेती को भी बढावा मिलेगा। राजस्थान बीज एवं प्रमाणीकरण संस्था स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जैविक खेती व प्रमाणीकरण में तीन वर्ष तक सहयोग प्रदान करेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे