आंध्र प्रदेश में बस घाटी में गिरी, 7 की मौत

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 27 मार्च 2022, 2:59 PM (IST)

तिरुपति। आंध्र प्रदेश के चित्तूर में एक बस के घाटी में गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई और 54 घायल हो गए। ये हादसा शनिवार देर रात हुआ।

तिरुपति से करीब 30 किलोमीटर दूर बकरपेटा के पास चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद एक निजी बस घाटी में गिर गई।

बस पर अनंतपुर जिले के धर्मावरम के राजेंद्र नगर से दूल्हे के परिवार के 63 सदस्य सवार थे। ये लोग तिरुचनूर में सगाई में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, जब बस बकरपेटा घाट पर पहुंची तो चालक ने लापरवाही के कारण वाहन से नियंत्रण खो दिया और इस कारण बस 60 फीट गहरी घाटी में गिर गई।

बस के गिरने पर सड़क पर कोई चश्मदीद नहीं था। बाद में कुछ वाहन चालकों ने घायलों की चीख पुकार सुनी और पुलिस को सूचना दी।

अंधेरे के कारण बचाव कार्य में लगे बचावकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

तिरुपति के शहरी पुलिस अधीक्षक वेंकटप्पला नायडू, कलेक्टर एम. हरिनारायण और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की।

सभी 54 घायलों को तिरुपति के रुइया अस्पताल ले जाया गया, जहां 4 की हालत गंभीर है।

मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दुर्घटना और बचाव कार्य की जानकारी दी। चंद्रगिरी के विधायक चेविरेड्डी भास्कर रेड्डी ने बचाव कार्य में भाग लिया। जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे