कपूर के इस्तेमाल से ठीक हो सकता है घर का वास्तुदोष, जानें इसके उपाय

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 09 मार्च 2022, 09:50 AM (IST)

आज की भाग-दौड़ और तनावपूर्ण जिन्दगी में दो पल सुकून की चाह रखने वाले लोगों में वास्तुशास्त्र की मान्यता बहुत बढ़ गई है। घर के कलह और तनावपूर्ण वातावरण को सुधारने के लिए वास्तुशास्त्र का उपयोग किया जा रहा है। कहने वाले कहते हैं कि इससे कलह, तनाव, परेशानियों से मुक्ति मिलती है। वैसे भी वास्तुशास्त्र को लेकर कहा जाता है कि यह महत्वपूर्ण विद्या है जिसका नाता घर की सुख-शांति से जुड़ा है। वास्तु शास्त्र में बताई गई कई बातें हमारे आसपास सकारात्मक माहौल उत्पन्न करते हुए परेशानियों का निपटारा करती हैं। वास्तुशास्त्र में कपूर के इस्तेमाल को लेकर कई सकारात्मक बातें कही गई हैं। कपूर के लिए कहा गया है कि इसके इस्तेमाल से घर का वास्तुदोष ठीक किया जा सकता है। कहते हैं घर का वास्तुदोष ठीक होते ही जीवन की परेशानियाँ दूर हो जाती हैं।
आइए डालते हैं एक नजर वास्तुशास्त्र में बताए कपूर के इस्तेमाल के उन तरीकों पर जिनसे परेशानियों से छुटकारा पाया जा सकता है—
इसके इस्तेमाल से मिलती है तरक्की
यदि आप आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कमाई से ज्यादा आपके खर्चें हो रहे हैं या फिर आप पर अधिक कर्ज हो गया है, तो हो सकता है कि आपके घर की रसोई में वास्तु दोष हो। ऐसे में अपने रसोई घर में चांदी की एक कटोरी में कुछ कपूर और लौंग जलाएं। रोजाना ऐसा करने से आपके परिवार पर मां लक्ष्मी की कृपा बरसेगी और आपके आर्थिक संकट दूर होंगे। साथ ही मान्यता है कि ऐसा करने से रूके हुए काम भी पूरे होते हैं। वास्तु शास्त्र के मुताबिक रोजाना घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में कपूर जलाने से आर्थिक समृद्धि बनी रहती है।
यदि आप नौकरी और व्यवसाय में तरक्की पाना चाहते हैं तो रसोई घर का सारा काम खत्म करने के बाद एक कटोरी में कपूर और लौंग जलाएँ। ऐसा करने से घर परिवार के सदस्यों की तरक्की होना शुरू हो जाती है और काम के नए अवसर भी मिलने लगते हैं।
घर के हर कमरे में रखें कपूर की टिकियाँ
घर में वास्तुदोष होने पर हर कमरे में कपूर की कुछ टिकियाँ रख दें। जब वह टिकिया खत्म हो जाए तो उसकी जगह पर दूसरी टिकिया रख दें। मान्यता है कि ऐसा करने से वास्तुदोष का प्रभाव घर के सदस्यों पर कम होता है। साथ ही घर का वास्तुदोष भी धीरे-धीरे दूर होने लगता है।
देसी घी में जलाएँ कपूर, दूर होगा गृह कलह
अक्सर देखने को मिल जाता है कि परिवार के सदस्यों के बीच आपसी तालमेल अच्छा होने के बाद भी मनमुटाव बना रहता है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए वास्तुशास्त्र में कहा गया है कि आप अपने घर में कपूर को रोजाना दीये में देसी घी के जलाएं। इसे घर के ऐसे स्थान पर रखें जहाँ से पूरे घर में इसकी खूशबू फैले। ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होगा और सुख शांति बनी रहेगी। इतना ही नहीं इससे परिवार के सदस्य भी रोग मुक्त होते हैं।
आपसी मनमुटाव दूर करता है कपूर
यदि पति-पत्नी के बीच मनमुटाव ज्यादा बना रहता है तो रात के वक्त पति के तकिए के नीचे कपूर रख दें। अगली सुबह बिना किसी को बताएं उसे जला दें। ऐसा कहा जाता है कि ऐसा करने से आपस में शांति बनी रहती है और दोनो के बीच प्यार भी बढ़ता है। साथ ही इस उपाय को करने से राहु का प्रतिकूल प्रभाव भी समाप्त होता है।

आलेख में दी गई जानकारियों को लेकर हम यह दावा नहीं करते कि यह पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे