देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के शहरों में सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे दिल्ली में

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 08 मार्च 2022, 6:13 PM (IST)

नई दिल्ली। देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के शहरों के मुकाबले सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे दिल्ली में लगे हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी यह स्वीकार किया गया है। प्रति वर्ग किलोमीटर में न्यूयार्क, टोक्यो, पेरिस और लंदन से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरे दिल्ली में लगे हैं और यह मात्र तीन-चार सालों के अंदर हुआ है। यह दावा स्वयं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से किया गया है। दिल्ली सरकार का कहना है कि दिल्ली में महिलाओं के लिए दो काम किए हैं। पहला, महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए जो भी हो सकता है, हम कर रहे हैं। दूसरा, महिलाओं को अवसर देने के लिए काम किए हैं। सरकार का कहना है कि महिलाएं यह नहीं कहती हैं कि हमारे लिए कुछ विशेष करो, बल्कि महिलाएं यह कहती हैं कि हमें बराबरी का अधिकार दो। हमें बराबरी का अधिकार देकर देखो, हम पुरुषों को पीछे छोड़ देंगे।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे बड़ा कदम तो हम लोगों ने दिल्ली महिला आयोग को पूरी तरह से सशक्त कर रहे हैं, ताकि दिल्ली महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा कर सके। दूसरा, दिल्ली के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। आज यह जानकर ताज्जुब होगी कि पूरे देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के अंदर सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे दिल्ली में लगे हैं। यह मैं नहीं कह रहा हूं, बल्कि यह एक अंतर्राष्ट्रीय मैगजीन में छपा था। प्रति वर्ग किलोमीटर में न्यूयार्क, टोक्यो, पेरिस और लंदन से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरे दिल्ली में लगे हैं और यह मात्र तीन-चार सालों के अंदर हुआ है। इससे गलत काम करने वालों को डर लगता है कि अगर हम कोई गलत काम करेंगे तो पकड़े जाएंगे। हमने पूरी दिल्ली में जगह-जगह स्ट्रीट लाइट्स लगवाई है। हमारा मकसद है कि जितने भी डार्क स्पॉट्स है, वहां पर अपराधियों को गलत काम करने का मौका मिलता है। इसलिए हमने डार्क स्पॉट्स को खत्म किया। बसों में हमनें मार्शल नियुक्त किए हैं। बस में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ होती है, उनके साथ गलत होता है, कई बच्चे भाग रहे होते हैं, इतने सारे मार्शल की कहानियां हैं कि किस तरह से उन्होंने महिलाओं की रक्षा की और बच्चों को बचाकर उनको घर तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली महिला आयोग की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और यह बातें कहीं।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था शानदार होने से गरीब घरों की बच्चियों को अच्छी शिक्षा मिल रही है। आम परिवारों की छोटी-छोटी बच्चियां आत्मविश्वास के साथ बात करने लगी हैं और हम यही अवसर देने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम ने कहा, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सम्पूर्ण नारी शक्ति को नमन करता हूं। एक बेहतर समाज के निर्माण में महिला शक्ति का समर्पण और योगदान हमेशा हम सबको गौरवांवित करता है।

दिल्ली महिला आयोग ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वार्षिक पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहे। समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कनाडा के हाई कमिश्नर कैमरान मैके, दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, मंत्री गोपाल राय, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे