केजीएफ-2 बनाम लालसिंह, बॉक्स ऑफिस पर पहली बार मात खाते नजर आएंगे आमिर खान

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 17 नवम्बर 2021, 3:34 PM (IST)

रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी की सफलता ने भारत के सिने निर्माताओं को उत्साह से भर दिया है। अब फिर एक बार सिनेमाघरों में बड़ी फिल्में रिलीज होना शुरू हो गई हैं। कई बड़े फिल्ममेकर्स ने अपनी फिल्मों की प्रदर्शन तिथि की घोषणाएँ कर दी हैं। आपसी टकराव को देखते हुए कुछ निर्माताओं ने अपनी फिल्मों को आगे पीछे किया है लेकिन स्थिति यह है कि फिर भी बॉक्स ऑफिस पर टकराव हो रहा है। हाल ही में आमिर खान ने अपनी फिल्म लालसिंह चड्ढा की प्रदर्शन तिथि में बदलाव किया था। पहले यह फिल्म 11 फरवरी को सिनेमाघरों में आने वाली थी लेकिन अचानक से संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की प्रदर्शन तिथि को 6 जनवरी के स्थान पर 18 फरवरी घोषित कर दिया। जैसे ही आमिर को इस बात की खबर लगी उन्होंने तुरन्त दूसरे अपनी फिल्म को 14 अप्रैल को प्रदर्शित करने की घोषणा कर दी। संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म का टकराव एसएस राजामौली की आरआरआर से रोकने के लिए फिल्म को पोस्टपोन किया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आमिर ने भंसाली की फिल्म से टकराव रोकने के लिए फिल्म को पोस्टपोन किया इसके बावजूद उनकी फिल्म का अब सीधा टकराव दक्षिण भारत की बहुप्रतीक्षित और सफल फिल्म केजीएफ-2 से होने जा रहा है। अभिनेता यश की यह फिल्म अगले वर्ष 14 अप्रैल को प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म के पहले भाग ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कारोबार करते हुए क्षेत्रीय भाषाई फिल्मों को उत्तर भारत में प्रदर्शित करने का मार्ग विस्तारित किया था। बाहुबली के बाद यह पहली पैन इंडिया फिल्म थी, जिसे तमिल, तेलुगु, कन्नड और मलयालयम के साथ ही हिन्दी में भी प्रदर्शित किया गया था।


ये भी पढ़ें - आज के दिन अमिताभ बच्चन को मिला था दूसरा जन्म

केजीएफ-2 को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बेसब्री है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस के विश्लेषकों का अनुमान है कि आमिर खान को पहली बार बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा मुकाबला करना पड़ेगा। शुरूआती तीन दिन के कारोबार में निश्चित तौर पर केजीएफ-2 का पलड़ा भारी रहेगा, क्योंकि दर्शक आमिर खान की पारिवारिक ड्रामा फिल्म के स्थान पर यश की एक्शन पैक्ड फिल्म को देखना ज्यादा पसन्द करेगा। यदि ऐसा हुआ तो बॉक्स ऑफिस पर पहली बार मात खाते नजर आएंगे आमिर खान।

ये भी पढ़ें - विदेशी गायिका ने किया शाहरूख के बारे में यह खुलासा