पटना/मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रमगढ़वा थाना क्षेत्र में अपराध का एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। एक युवती ने गांव के ही चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है, वहीं एक आरोपी ने युवती पर धारदार हथियार से गुप्तांग काट देने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रमगढ़वा गांव में एक 22 वर्षीय युवती ने गांव के ही चार
युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। दूसरी ओर उसी गांव के एक
युवक ने पीडि़त लडक़ी और उसके परिजनों पर जबरन गुप्तांग काटने का आरोप लगाते
हुए रमगढ़वा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस के एक
अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि युवक और युवती दोनों को सदर अस्पताल में
भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। युवती का आरोप है कि 15
जून को गांव के चार युवक उसे घर से उठा ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया और
उसके बाद प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी। पूर्व चंपारण के पुलिस अधीक्षक
जितेंद्र राणा ने बताया कि 15 जून को युवती के बयान के आधार पर रमगढ़वा
थाने में दुष्कर्म करने की कोशिश करने के आरोप में एक प्राथमिकी दर्ज की गई
है।
इस मामले में गांव के ही चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया
है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम
गठित कर दी गई है। इधर, पटना में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील
कुमार ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट और अब तक की
जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि यह मामला दुष्कर्म करने की कोशिश का है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और लडक़ी की शिकायत की जांच की जा रही है। लडक़े की शिकायत की सत्यता की जांच भी की जाएगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक-दूसरे पर आरोप लगाने वाले युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था।