मध्य प्रदेश के भिंड में बस-कंटेनर की टक्कर में 7 की मौत

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 01 अक्टूबर 2021, 3:22 PM (IST)

भिंड/भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ग्वालियर से बरेली की ओर जा रही यात्री बस की कंटेनर से टक्कर हो गई। इस हादसे में सात यात्रियों की मौत हुई है, वहीं 15 घायल हुए हैं। इस हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने दुख व्यक्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के बरेली जा रही यात्री बस की गोहद थाना क्षेत्र में कंटेनर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद कंटेनर पलट गया। इस हादसे में कुल सात यात्रियों की मौत हुई है, वहीं इस हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं। हादसे में मृत और घायल हुए अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं।

परिवहन और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा और निर्देशानुसार घटना में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और दुर्घटना में घायलों को 50- 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद जारी की गई है। मृतकों में छह पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर दुख व्यक्त करते हुए कहा, भिंड के गोहाड स्क्वायर पर बस और डंपर के बीच हुई टक्कर में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भिंड हादसे पर दुख जताते हुए कहा, इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की जानकारी भी मिली है। पीड़ित परिवारों के प्रति शोक संवेदनाएं।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं प्रदेश सह संगठन महामंत्री हतानंद ने ग्वालियर-भिंड हाईवे पर हुई बस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने पर शोक प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे