भाजपा आगामी यूपी चुनाव में मुझे बनाएं उपमुख्यमंत्री का चेहरा - संजय निषाद

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 23 जून 2021, 1:25 PM (IST)

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर छोटे राजनीतिक दलों ने भी दबाव की राजनीति की शुरूआत कर दी है। भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा से बड़ी मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमें एक कैबिनेट पोस्ट और एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया था। हमारी मांग है कि आगामी चुनाव में भाजपा की तरफ से मुझे उप मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाए।

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने यूपी विधानसभा चुनाव में खुद को उप मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग भारतीय जनता पार्टी से की है। उनका कहना है, '' अगर भाजपा उनके चेहरे पर चुनाव लड़ती है तो पूरे यूपी में निश्चित विजय मिलेगी। भाजपा ने हमसे कैबिनेट पद और राज्यसभा सीट का वादा किया था। अगर वे हमें चोट पहुंचाएंगे तो वे भी खुश नहीं रहेंगे। हम अपने आरक्षण के मुद्दे के लिए संघर्ष कर रहे हैं।''

डॉ. संजय निषाद ने कहा, '' उत्तर प्रदेश में अब तक सभी जातियों के मुख्यमंत्री बनाए जा चुके हैं, लेकिन अब 18 फीसद वोट की ताकत रखने वाले मछुआरा समाज के चेहरे पर भाजपा को

चुनाव लड़ना चाहिए। यदि मुख्यमंत्री नहीं बना सकते तो कम से कम डॉ. संजय निषाद को आगामी चुनाव में उप मुख्यमंत्री का चेहरा बना कर चुनाव लड़े, अगर भाजपा ऐसा करती है तो इससे पूरे प्रदेश में निश्चित ही विजय मिलेगी।''

इसके पहले संजय निषाद ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और अपनी मांगें रखी थी।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे