बिहार में रिश्वत लेने के आरोप में एसआई गिरफ्तार, एसपी ने खुद थाना पहुंच की जांच

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 09 जून 2021, 2:16 PM (IST)

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना में पदस्थापित एक सहायक निरीक्षक (एसआई) को 9,500 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने मंगलवार की रात खुद रोसड़ा थाना पहुंचकर रिश्वत के पैसा को बरामद किया और आरोपी एसआई शिव नारायण सिंह को गिरफ्तार करवाया।

ढिल्लो ने बुधवार को बताया कि एसआई शिव नारायण सिंह ने जब्त की गई एक बाइक को छोड़ने के लिए 25 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद 10 हजार में सौदा तय हुआ। एसआई को उसके आवास पर 9,500 रुपये रिश्वत दी गई।

इस बीच एक समाजसेवी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे पुलिस अधीक्षक के पास भेज दी।

पुलिस अधीक्षक तत्काल थाना पहुंचकर एसआई के पास से रिश्वत के तौर पर लिए गए 9,500 रुपये को भी बरामद किया। इसके बाद एसआई सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

ढिल्लो ने कहा कि इस मामले को निगरानी विभाग को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे