सिद्धार्थनगर । केंद्र के 3 नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में अपना दल के एक विधायक सामने आए हैं। अपना दल उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का सहयोगी है और यह पहली बार है जब पार्टी के विधायक ने गठबंधन के अनुशासन को धता बताते हुए ऐसी घोषणा की है। अपना दल (एस) के विधायक अमर सिंह चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, "ऐसा लगता है कि सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि लोग और किसान नाराज हैं। ऐसा लगता है कि उनका मकसद बस यही है कि मुट्ठी भर उद्योगपती दुखी न होने पाएं।"
उन्होंने सवाल भी उठाया है कि आखिर क्यों उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी ने लगभग एक साल पहले विभिन्न राज्यों में बड़े गोदाम बनाए।
उन्होंने आगे कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव और फिर 2019 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने वाले लोग इन विवादास्पद कृषि कानूनों से नाखुश हैं, तो सरकार इन संदेहों को दूर करने के लिए क्यों कुछ नहीं कर रही है।
बता दें कि अपना दल पहले ही कह चुका है कि आगामी पंचायत चुनाव अपने दम पर लड़ेगा। इसके अलावा सूत्रों का भी दावा है कि पार्टी धीरे-धीरे खुद को भाजपा से दूर कर रही है। बता दें कि अपना दल के उत्तर प्रदेश विधानसभा में 9 और लोकसभा में 2 सदस्य हैं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे