आजादी के 75 साल से जुड़ीं 6 राज्यों की प्रदर्शनियों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे जावडेकर

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 11 मार्च 2021, 8:27 PM (IST)

नई दिल्ली। आजादी के 75 वर्ष को लेकर देश भर में कुल 37 राज्यस्तरीय प्रदर्शनियों का आयोजन होना है। इसमें से 13 मार्च को 6 प्रदर्शनियों का वर्चुअल उद्घाटन केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर करेंगे। प्रदर्शनियों में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक क्षणों असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा, भारत छोड़ो आंदोलन आदि को दिखाया जाएगा। प्रदर्शनियों में दांडी मार्च, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और आंदोलन के अन्य नेताओं के त्याग को प्रमुखता दी जाएगी। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर 13 मार्च को जिन छह स्थानों की प्रदर्शनियों का वर्चुअल रूप में उद्घाटन करेंगे। इनमें जम्मू-कश्मीर के सांबा जिला, कर्नाटक के बंगलुरु, महाराष्ट्र के पुणे, ओडिशा के भुवनेश्वर, मणिपुर के मोइरांग और बिहार के पटना में लगी प्रदर्शनियों का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर 13 मार्च को ही राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रमों के बारे में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि सभी राज्यों ने समारोह में बहुत रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि दांडी मार्च की वर्षगांठ पर 12 मार्च से शुरू होकर लगभग ढाई साल तक चलने वाले कार्यक्रमों से देश में उत्सव का माहौल बनेगा। प्रकाशन विभाग की ओर से स्वतंत्रता आंदोलन के विस्मृत नायकों, महिला स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्वोत्तर भारत में स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानी, लाल किले में इंडियन नेशनल आर्मी ट्रेन, स्वतंत्रता आंदोलन में प्रेस की भूमिका आदि पर पुस्तकें प्रकाशित करेगा। इन पुस्तकों का प्रकाशन दो साल की अवधि में किया जाएगा।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे