गिरिराज सिंह का हमला, कहा- दीदी आपका असली रूप तो बंगाल के हिंदू समाज ने देखा है

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 10 मार्च 2021, 1:48 PM (IST)

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने बुधवार को विपक्षी नेताओं पर जमकर कटाक्ष किया है। उन्होंने बिना किसी के नाम लिए ही इशारों ही इशारों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, "वाह रे मोदी जी, आपने तो कमाल कर दिया। आज दीदी चंडीपाठ कर रही हैं। दीदी, चुनाव जो न कराए आपसे।"


भाजपा के 'फायर ब्रांड' के नेता के रूप में चर्चित बेगूसराय के सांसद गिररिराज सिंह ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से अपना एक वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, "बंगाल में रोहिंग्या के साथ-साथ ममता दीदी भी नर्वस हैं। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि मंदिर जाएं या मस्जिद। वाह मोदी जी वाह।"


सिंह ने अपने वीडियो में चुनाव की चर्चा की है। उन्होंने वीडियो में पश्चिम बंगाल के चुनाव को लेकर बोलते दिख रहे हैं।


वीडियो में सिंह कह रहे हैं, "वाह रे मोदी जी, आपने कमाल कर दिया। जो लोग कल तक मस्जिदों में टोपी लगाकर सिर झुकाते थे, उन्हें मैंने देखा गुजरात के चुनाव में मंदिर-मंदिर जाते, कोट पर जनेऊ पहने हुए। वाह रे मोदी। बंगाल में मैंने दीदी को देखा। वहां के हिंदुओं को दुर्गा विसर्जन के लिए कोर्ट का सहारा लेना पड़ता था। वाह रे मोदी, आज दीदी चंडीपाठ कर रही हैं। दीदी, चुनाव जो न कराए आपसे।"


उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल को लेकर बिहार की राजनीति भी गर्म है। पश्चिम बंगाल के चुनाव में बिहार भाजपा के कई नेता भी प्रचार करने जाने वाले हैं।


--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे