जयपुर में नाइट स्काई टूरिज्म - टेलीस्कोप से निशुल्क देख सकेंगे आकाशीय नजारे

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 22 जनवरी 2021, 2:07 PM (IST)

जयपुर । जयपुर में वैज्ञानिक सोच बढ़ाने के लिए नाइट स्काई टूरिज्म की शुरूआत की गई है। कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की शासन सचिव मुग्धा सिन्हा ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि लोगों में वैज्ञानिक सोच पैदा हो, प्रकृति में होने वाली घटनाओं के बारे में वैज्ञानिक तरीके से लोग जागरूक हो सके। इसके लिए नाईट स्काई टूरिज्म की शुरूआत की गई है। लोगों के लिए निःशुल्क रूप से यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रतिमाह खगोलीय परिदृृश्य के अनुसार यह सुविधा विभिन्न दिनों में अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क रूप से दिखाई जाएगी।

सिन्हा ने कहा कि इस क्रम में समय-समय पर होने वाली विशिष्ट खगोलीय घटनाओं को दिखाने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा व्यवस्था की गई है। 22 जनवरी को जवाहर कला केन्द्र से टेलीस्कोप द्वारा चंद्रमा को दिखाया जाएगा, 11 फरवरी को जंतर-मंतर से शनि,बृहस्पति, शुक्र एवं बुध ग्रहों को दिखाया जाएगा, 5 मार्च को अलबर्ट हॉल से बृहस्पति एवं बुध ग्रहों के संयोग को दिखाया जाएगा, 17 मई को आमेर किले से बुध ग्रह को दिखाया जाएगा, 26 मई को आमेर दुर्ग से वर्ष 2021 के सबसे बड़े चंद्रमा का दर्शन कराया जाएगा, 3 जुलाई को अलबर्ट हॉल से शुक्र ग्रह को दिखाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार नाहरगढ़ दुर्ग से 2 अगस्त को शनि एवं चंद्रमा, 20 अगस्त को बृृहस्पति एवं चंद्रमा, 23 अगस्त को बृहस्पति पर होने वाले ग्रहण को दिखाया जाएगा, 4 सितम्बर को सिटी पैलेस से वरूण एवं चंद्रमा को दिखाया जाएगा, राजस्थान विश्वविद्यालय से 4 अक्टूबर को बृहस्पति पर पड़ने वाली छाया एवं 29 अक्टूबर को शुक्र ग्रह का दृश्य दिखाया जाएगा एवं 4 नवंबर को जंतर मंतर से अरूण एवं चंद्रमा का खगोलीय दृश्य निःशुल्क दिखाया जाएगा। खगोलीय घटनाओं में रूचि रखने वाले शोधार्थियों एवं जनसाधारण को हमारे सौरमंडल की विशिष्ट खगोलीय घटनाओं से परिचित कराने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा इस कार्यक्रम की परिकल्पना की गई है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे